चींगरापगार, जतमई, घटारानी और भूतेश्वर नाथ पहुंचे पुलिस अधीक्षक
पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के दिए निर्देश

AINS NEWS गरियाबंद – पर्यटकों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से गरियाबंद के पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर द्वारा जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने चींगरापगार, जतमई, घटारानी और विश्व प्रसिद्ध प्राकृतिक शिवलिंग भूतेश्वर नाथ का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
*हुड़दंगियों और नशा करने वालों को सख्त हिदायत*
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा में तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पर्यटन स्थलों पर शांति भंग करने वाले, हुड़दंग मचाने वाले और नशे का सेवन करने वाले तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों को मौके पर ही कड़ी हिदायत दी गई है और भविष्य में पाए जाने पर उनके खिलाफ विधिसंगत व दंडात्मक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


*सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश*
पुलिस अधीक्षक श्री सिरमौर ने संबंधित थाना प्रभारियों को पर्यटन स्थलों पर लगातार गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ाने, संदिग्धों की चेकिंग करने और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि गरियाबंद के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने आने वाले हर पर्यटक को सुरक्षित माहौल मिलना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

*आम जनता से विशेष अपील*
पुलिस अधीक्षक गरियाबंद ने आम नागरिकों और बाहर से आने वाले पर्यटकों से एक अपील की है। उन्होंने कहाकृ गरियाबंद जिला अपनी प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक आस्था के लिए जाना जाता है। इसे बनाए रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। पर्यटन स्थलों पर गंदगी न फैलाएं, प्लास्टिक का उपयोग कम करें और इसे स्वच्छ व सुरक्षित बनाए रखने में गरियाबंद पुलिस का सहयोग करें।




