अधिक वर्षा से प्रभावित क्षेत्रों का कलेक्टर ने किया आकस्मिक निरीक्षण, जलभराव और यातायात व्यवस्था का लिया जायजा
कलेक्टर ने अड़गड़ी नाला एवं तौरेंगा आदिवासी बालक आश्रम का किया निरीक्षण

AINS NEWS गरियाबंद… कलेक्टर बीएस उइके ने आज गरियाबंद एवं मैनपुर विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर लगातार हो रही वर्षा से उत्पन्न हालात का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जलभराव, सड़क संपर्क, नदी-नालों की स्थिति तथा आमजन की सुरक्षा से जुड़े व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान डीएसपी सुश्री निशा सिन्हा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित पंटोरा क्षेत्र का भी निरीक्षण किया, जहां लगातार बारिश के कारण अत्यधिक जलभराव होने से आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई थी। उन्होंने अधिकारियों को अवागमन व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस, राजस्व एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्य करने और प्रभावित क्षेत्रों में आम नागरिकों की सुरक्षा को विशेष ध्यान देने को कहा।

कलेक्टर ने कहा कि नदी, नालों एवं पुल-पुलियों पर अनावश्यक आवाजाही से बचें। तेज बहाव वाले क्षेत्रों में प्रवेश न करें तथा बच्चों को नदी किनारे जाने से रोकें। पशुओं को भी नदी के समीप चराने या बांधने से बचें। बारिश की स्थिति के अनुसार जलाशय से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा बढ़ाई जा सकती है, इसलिए सभी नागरिक सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें। कलेक्टर श्री बीएस उइके ने मैनपुर क्षेत्र के अड़गड़ी नाला में निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा बारिश के दौरान निर्माण कार्य में आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए कहा। उन्होंने पुल निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर श्री उइके ने आदिवासी बालक आश्रम तौरेंगा का निरीक्षण कर बच्चों से सवाल भी पूछे।

कलेक्टर श्री बीएस उइके ने मैनपुर विकासखंड स्थित आदिवासी बालक आश्रम तौरेंगा का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास में रह रहे बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई-लिखाई दैनिक दिनचर्या एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान बच्चों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक प्रगति का भी आकलन किया। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आश्रम में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, भोजन, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान मे रखते हुए चिकित्सकों को बच्चों का नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण करने के भी निर्देश दिये।




