गरियाबंद

सावन के प्रथम सोमवार से भूतेश्वरनाथ में उमड़ेगी आस्था की भीड़, पुलिस ने किए विशेष सुरक्षा इंतजाम

सावन माह के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए मंदिर पहुंचते हैं

AINS NEWS गरियाबंद… सावन माह के प्रथम सोमवार 3 अगस्त से जिले के विश्वप्रसिद्ध भगवान भूतेश्वरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ने लगेगा। सावन के पहले सोमवार को लेकर हजारों शिवभक्त और कांवड़िए भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए भूतेश्वरनाथ पहुंचेंगे। इसे देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं।

हिंदू धर्म में सावन माह को भगवान शिव की आराधना का सबसे पवित्र समय माना जाता है। इस पूरे माह श्रद्धालु जलाभिषेक, कांवड़ यात्रा, व्रत एवं विशेष पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। इसी आस्था के चलते गरियाबंद जिला मुख्यालय से लगभग तीन किलोमीटर दूर स्थित विश्वप्रसिद्ध भूतेश्वरनाथ मंदिर में छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

सावन माह के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए मंदिर पहुंचते हैं, जबकि पहले सोमवार से कांवड़ यात्रियों का सिलसिला भी तेज हो जाता है। कई श्रद्धालु सैकड़ों किलोमीटर की पैदल यात्रा कर पवित्र जल लेकर भगवान भूतेश्वरनाथ का जलाभिषेक करते हैं और अपनी मनोकामना पूर्ण होने की कामना करते हैं।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस विभाग ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है। सिटी कोतवाली प्रभारी शिशिर पांडे ने बताया कि प्रथम सोमवार की सुबह से ही मंदिर परिसर एवं आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ ही श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग से पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है, ताकि दूर-दराज से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

मंदिर परिसर में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं द्वारा शिवभक्तों के लिए भंडारे का आयोजन भी किया जा रहा है। श्रद्धालुओं को निःशुल्क भोजन, प्रसाद, पेयजल और अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सेवा कार्यों में बड़ी संख्या में स्वयंसेवक भी पूरे उत्साह के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।

गरियाबंद जिले के सभी प्रमुख शिवालयों में सावन के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है, लेकिन भूतेश्वरनाथ और कुलेश्वरनाथ मंदिरों में विशेष रूप से आस्था का जनसैलाब उमड़ता है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस वर्ष भी पहले सोमवार से लेकर पूरे सावन माह तक हजारों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए पहुंचेंगे।

 

Related Articles

Back to top button