गरियाबंद

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रेसवार्ता में लगाए बीजेपी पर कई गंभीर आरोप

महंगी बिजली, स्मार्ट मीटर और 'महतारी वंदन' को लेकर कांग्रेस का दो माह का अभियान शुरू

AINS NEWS गरियाबंद… प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने गरियाबंद में आयोजित प्रेसवार्ता में राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला।उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में प्रदेश में प्रशासनिक अराजकता और भय का माहौल है।अधिकारियों का रवैया जनप्रतिनिधियों के प्रति भी असंवेदनशील हो गया है।उन्होंने दावा किया कि भाजपा के कार्यकर्ता स्वयं पार्टी से इस्तीफा देना शुरू कर चुके हैं, जिससे स्पष्ट है कि सरकार अपनी ही पार्टी के लोगों का विश्वास खो चुकी है।इस दौरान जिलाध्यक्ष सुखचंद बेसरा,विधायक जनक ध्रुव उपस्थित थे।

दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में प्रशासनिक आतंकवाद हावी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों के अधिकारों का हनन हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सांसदों को भी अपने अधिकारों की रक्षा के लिए शिकायत करनी पड़ रही है,तो आम जनता की स्थिति का सहज अनुमान लगाया जा सकता है।

उन्होंने सारंगढ़ क्षेत्र में अनुसूचित वर्ग के दो लोगों की गोली मारकर हत्या की घटना का उल्लेख करते हुए सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाया। बैज ने कहा कि मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके गृह प्रदेश और परिजनों तक सम्मानपूर्वक पहुंचाना सरकार की जिम्मेदारी थी,लेकिन सरकार की लापरवाही के कारण परिजन अंतिम दर्शन तक नहीं कर सके। उन्होंने इसे सरकार की असंवेदनशील मानसिकता बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार पिछड़े वर्गों का शोषण कर रही है तथा जनता का विश्वास पूरी तरह खो चुकी है।

प्रेसवार्ता में उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 1 अगस्त से महंगी बिजली, स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों के खिलाफ दो माह का प्रदेशव्यापी अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने ढाई वर्षों में पांच बार बिजली दरों में वृद्धि कर आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला है। वहीं स्मार्ट मीटर के माध्यम से लोगों की गाढ़ी कमाई लूटने का प्रयास किया जा रहा है।

दीपक बैज ने मांग की कि सरकार 400 यूनिट तक बिजली बिल माफी योजना लागू करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता अगले दो महीनों तक घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे तथा महंगी बिजली, स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों के विरोध में हस्ताक्षर और आवेदन एकत्र करेंगे।

उन्होंने बताया कि अभियान के अगले चरण में ब्लॉक स्तर पर बिजली विभाग के कार्यालयों का घेराव,जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन तथा अंत में मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा। इसके साथ ही ‘महतारी वंदन’ योजना के हितग्राहियों तक भी कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचेंगे और सरकार की नीतियों तथा स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर जनजागरण करेंगे।
बैज ने कहा कि यह अभियान प्रदेश के प्रत्येक जिले,ब्लॉक,पंचायत और मतदान केंद्र तक चलाया जाएगा।कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों की जानकारी जनता को देंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर में अडानी समूह के उत्पादों का उपयोग किया जा रहा है, जिसका कांग्रेस जनता के साथ मिलकर विरोध कर रही है। साथ ही उन्होंने जंतर-मंतर की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों और युवाओं के साथ बर्बरतापूर्ण व्यवहार किया गया, जिसे देश के इतिहास में काले अध्याय के रूप में याद किया जाएगा।

प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी प्रदेश में जनता के हितों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button