बिलासपुर
डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़, सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग
प्रतिमा के कुछ हिस्सों पर मिट्टी लगाए जाने और गले में कपड़ा बांधे जाने की बात भी सामने आई

AINS NEWS… बिलासपुर के अंबेडकर चौक पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। प्रतिमा के साथ आपत्तिजनक हरकत की जानकारी मिलते ही बौद्ध समाज समेत सर्व समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और घटना का विरोध करते हुए दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मौके पर पहुंचे लोगों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा संविधान, समानता और सामाजिक न्याय का प्रतीक है। उनका कहना है कि प्रतिमा के साथ इस तरह की कथित हरकत से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। सर्व समाज के लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने और घटना के पीछे जिम्मेदार व्यक्ति या व्यक्तियों की पहचान करने की मांग की है। साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग भी उठाई गई है।
फिलहाल घटना को लेकर लोगों में नाराजगी बनी हुई है। अब प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं, इस पर सभी की नजर है।




