गरीब के घर से लेकर देश के निर्माण तक विश्वकर्मा समाज की अहम भूमिका : रोहित साहू
विधायक रोहित साहू ने किया तीन सामुदायिक भवनों का भूमि पूजन, 30 लाख रुपए होंगे खर्च

AINS NEWS गरियाबंद… राजिम विधायक रोहित साहू ने गुरुवार को गरियाबंद नगर में तीन सामुदायिक भवनों के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। दर्रापारा में पेंशनर समाज, डाकबंगला वार्ड में बौद्ध महर समाज और इंडोर स्टेडियम परिसर में राजमिस्त्री संघ के सामुदायिक भवन बनाए जाएंगे। तीनों भवनों के लिए 10-10 लाख रुपए की स्वीकृति मिली है। यानी इन निर्माण कार्यों पर कुल 30 लाख रुपए खर्च होंगे। विधायक ने कहा कि सामुदायिक भवन समाज की सामाजिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों के लिए उपयोगी केंद्र बनेंगे। इस दौरान कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

इंडोर स्टेडियम में भूमि पूजन के बाद विधायक ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर समाज के लोगों को विश्वकर्मा जयंती की बधाई दी। उन्होंने कहा कि हर युग में निर्माण कार्यों में भगवान विश्वकर्मा का विशेष महत्व रहा है। आज राजमिस्त्री संघ भगवान विश्वकर्मा के प्रतिनिधि के रूप में देश के निर्माण और नवनिर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। गरीब के घर से लेकर समाज के लिए जरूरी भवन और व्यवस्थाओं के निर्माण तक विश्वकर्मा समाज का योगदान अहम है। यह समाज मेहनतकश और प्रतिभावान है।

विधायक साहू ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा जयंती के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। देश के विकास और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसमें विश्वकर्मा समाज के मेहनतकश लोगों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने समाज के लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर आयोजित हो रहे सेवा संकल्प अभियान में जुड़ने का आव्हान भी किया।
इसके पहले पेंशनर समाज के कार्यक्रम में विधायक साहू ने कहा कि सेवानिवृत्ति से पहले समाज के सदस्यों ने शासकीय सेवा के माध्यम से देश और समाज की सेवा की। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहकर योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपने अनुभवों के जरिए पेंशनर समाज नई पीढ़ी का मार्गदर्शन भी कर रहा है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर, जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, आशीष शर्मा, आईटी सेल संभाग प्रभारी सागर मयाणी, गरियाबंद मंडल अध्यक्ष सुमित पारख, धनराज विश्वकर्मा, नपा सभापति रेणुका साहू, सूरज सिन्हा, पार्षद पुष्पा साहू, मंडल महामंत्री प्रह्लाद ठाकुर, प्रतीक तिवारी, पंकज निर्मलकर, नंदकिशोर चौबे, संजू साहू, प्रतीक सिंह, वैश्य राठौर, अमित बखारिया, दीपक साहू सहित जनप्रतिनिधि और समाज के लोग मौजूद रहे।
फोटों 140 पेंशनर समाज के सामुदायिक भवन के लिए भूमिपूजन।
फोटों क्रमांक 141 बौद्ध महर समाज के सामुदायिक भवन के लिए भूमिपूजन।
फोटों क्रमांक 142 राजमिस्त्री संघ के सामुदायिक भवन के लिए भूमिपूजन।





