अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान नगर निगम टीम से मारपीट एवं शासकीय कार्य में बाधा, एफआईआर दर्ज
नगर पालिक निगम के अधिकारियों/कर्मचारियों को चोटें आईं तथा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई

AINS NEWS रायपुर… नगर पालिक निगम रायपुर द्वारा शहर में अतिक्रमण एवं अव्यवस्थित बाजार व्यवस्था के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज प्रातः भाठागांव बाजार क्षेत्र में नगर पालिक निगम की टीम द्वारा कार्रवाई की जा रही थी।

कार्रवाई के दौरान गुंजा सोनकर, छवीलाल सोनकर, वासु सोनकर एवं अन्य व्यक्तियों द्वारा नगर पालिक निगम की टीम की कार्रवाई का विरोध करते हुए कथित रूप से गाली-गलौज एवं मारपीट की गई, जिससे नगर पालिक निगम के अधिकारियों/कर्मचारियों को चोटें आईं तथा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। घटना के संबंध में रायपुर नगर पालिक निगम के राजस्व विभाग के अधिकारी द्वारा थाना पुरानी बस्ती में लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई।
शिकायत के आधार पर थाना पुरानी बस्ती में एफआईआर क्रमांक 0507, दिनांक 23.09.2026 दर्ज की गई है। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 221, 132, 296, 115(2) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।
रायपुर नगर पालिक निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अतिक्रमण हटाने एवं सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित करने की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। शासकीय कार्य में बाधा डालने, नगर निगम अमले के साथ दुर्व्यवहार अथवा मारपीट करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर नगर पालिक निगम ने नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में सहयोग करें और सार्वजनिक मार्गों पर अनधिकृत रूप से दुकान, ठेला, गुमटी अथवा अन्य संरचना स्थापित न करें।




