हर्षिका सौंधी ने जीता ग्लोबल आइकॉन ऑफ इंडिया सीज़न 7 में मिस कैटेगरी की विजेता का खिताब
क्रिएटिव प्रस्तुति में शिक्षा और युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाया

AINS NEWS… रायपुर (छत्तीसगढ़) की 16 वर्षीय हर्षिका सौंधी ने आर्ना फाउंडेशन, ब्यूटी आइकॉन इंडिया एवं ग्लोबल आइकॉन ऑफ इंडिया सीज़न 7 में मिस कैटेगरी की विजेता खिताब हासिल किया। डॉक्टर रूना शर्मा द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के प्रतियोगियों ने हिस्सा लिया। हर्षिका इससे पहले भी कई पेजेंट शोज और ब्यूटी टाइटल जीत चुकी हैं।

हर्षिका ने ट्रेडिशनल, क्रिएटिव और गाउन राउंड में प्रभावशाली प्रस्तुति दी। उनके क्रिएटिव राउंड में शिक्षा व्यवस्था और युवाओं से जुड़े सामाजिक मुद्दों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं के तनाव, अवसरों की समानता, शिक्षा में पारदर्शिता और विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य जैसे विषयों पर संदेश देते हुए कहा कि शिक्षा में मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक विकास को भी महत्व मिलना चाहिए।

मनोविज्ञान के क्षेत्र में करियर बनाकर युवाओं की मदद करने का लक्ष्य
दिल्ली पब्लिक स्कूल, रायपुर में कक्षा 11वीं की Humanities छात्रा हर्षिका पढ़ाई में मेधावी हैं और डांस में भी विशेष रुचि रखती हैं। भविष्य में मनोविज्ञान के क्षेत्र में करियर बनाकर तनाव, चिंता और अन्य मानसिक चुनौतियों से जूझ रहे युवाओं की सहायता करना चाहती हैं।
वह अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने पिता श्री शत्रुघ्न सौंधी, माता डॉक्टर सुजाता सौंधी एवं अपने पूरे परिवार को देती हैं। हर्षिका की सफलता ने छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है और युवाओं को मेहनत, आत्मविश्वास तथा सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है.




