नाकाबंदी में खुला बाइक चोरी का राज, वाहन के दस्तावेज मांगने पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं
चोरी की दो बाइक समेत कुल पांच मोटरसाइकिल बरामद

AINS NEWS… जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण में पुलिस की नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल चोरी के मामले का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने चोरी की दो बाइक समेत कुल पांच मोटरसाइकिल बरामद की हैं। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।दरअसल, शिवरीनारायण क्षेत्र में लगातार सामने आ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कार्रवाई तेज की थी। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक युलैण्डन यार्क और एसडीओपी शिवरीनारायण तोमेश वर्मा के मार्गदर्शन में पुलिस ने 3 अक्टूबर की शाम पुल चौक काली मंदिर के पास नाकाबंदी की।

इसी दौरान बिना नंबर की दो स्प्लेण्डर मोटरसाइकिलों पर सवार संदिग्ध युवकों को पुलिस ने रोककर पूछताछ की। वाहन के दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस की सख्ती से पूछताछ में दोनों बाइक शिवरीनारायण क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया गया।
पुलिस जांच में आरोपियों की पहचान दीपक चंद्रा, कान्ता पटेल और सुनील चंद्रा के रूप में हुई। तीनों आरोपी डोमा, चौकी छपोरा, थाना मालखरौदा, जिला सक्ती के निवासी हैं।पुलिस के मुताबिक, एक बाइक खपराडीह निवासी कासम मोहम्मद की थी, जिसे 26 जुलाई 2026 को शिवरीनारायण चौपाटी से चोरी किया गया था। वहीं दूसरी बाइक तुस्मा निवासी राकेश कुमार साहू की थी, जिसे 6 जून 2025 को कपड़ा दुकान की पार्किंग से चोरी किया गया था।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो हीरो स्प्लेण्डर प्लस बाइक के अलावा घटना में इस्तेमाल पैशन प्लस, बिना नंबर की बजाज पल्सर 150 और एचएफ डिलक्स समेत कुल पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है।फिलहाल शिवरीनारायण पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी के.पी. सिंह समेत शिवरीनारायण थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।




