उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में गौरैया पक्षी संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
विद्यार्थियों को मिट्टी एवं लकड़ी से बने घोंसले और उत्साहवर्धन एवं आवश्यक सहयोग के उद्देश्य से टी-शर्ट, स्वेटर एवं खेल सामग्री का वितरण

AINS NEWS गरियाबंद… वन्यजीव संरक्षण सप्ताह में 6 अक्टूबर को उदंती-सीतानदी टाईगर रिजर्व अंतर्गत कुल्हाड़ीघाट परिक्षेत्र के हॉर्नबिल ग्राम ओड़ तथा दक्षिण उदंती परिक्षेत्र के उड़न गिलहरी ग्राम बम्हनीझोला स्थित प्राथमिक एवं मिडिल स्कूलों में पक्षी संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में श्री मोहन साहू जी गौरैया पक्षी संरक्षण कार्यकर्ता एवं उनकी टीम द्वारा स्कूली बच्चों को गौरैया सहित विभिन्न पक्षियों के संरक्षण, उनके महत्व, प्राकृतिक आवास,घोंसलों की सुरक्षा तथा पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी गई। इस दौरान बच्चों को पक्षियों एवं जैव-विविधता के संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को मिट्टी एवं लकड़ी से बने घोंसले और उत्साहवर्धन एवं आवश्यक सहयोग के उद्देश्य से टी-शर्ट, स्वेटर एवं खेल सामग्री का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर उदंती-सीतानदी टाईगर रिजर्व के उपनिदेशक श्री वरुण जैन, सहायक संचालक श्री जे.पी.दर्रो ,श्री गोपाल कश्यप, श्री बालगोविंद साहू,श्री बी.एस. राजपूत,वन्यप्राणी चिकित्सक डॉ. राकेश वर्मा, वन परिक्षेत्राधिकारी श्री दिनेश चौधरी,श्री के. आर.कोरचे, श्री सुशील सागर, श्री चंद्रबली ध्रुव, सुश्री ज्योति ध्रुव, सुश्री कविता ठाकुर,सुश्री अनामिका वर्मा,शिक्षकगण संबंधित ग्रामों के सरपंच, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय समुदाय एवं विशेष रूप से बच्चों को पक्षियों तथा वन्यजीवों के संरक्षण से जोड़ना और उनमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रम स्थानीय सहभागिता के माध्यम से जैव-विविधता एवं वन्यजीव संरक्षण को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।




