गरियाबंद

‘सशक्त युवा, सशक्त भारत’ की थीम पर छात्रावास में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

पॉक्सो, साइबर अपराध, विधिक सहायता और कौशल विकास की दी गई जानकारी

AINS NEWS गरियाबंद… अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर 12 अगस्त 2026 को नालसा की “जागृति” योजना की थीम “सशक्त युवा, सशक्त भारत” के अंतर्गत पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास, गरियाबंद में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन, छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गरियाबंद के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश एवं तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष श्री बी.आर. साहू, फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट की न्यायाधीश श्रीमती गंगा पटेल तथा प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री खुशबू जैन उपस्थित रहीं।

शिविर में छात्रावास में निवासरत विद्यार्थियों को उनके छात्र जीवन में उपयोगी विभिन्न कानूनी प्रावधानों एवं अधिकारों की जानकारी दी गई। न्यायाधीशों ने विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम, साइबर अपराध एवं साइबर सुरक्षा, विधिक सहायता योजना तथा कौशल विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। साथ ही विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व और अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या या अधिकारों के उल्लंघन की स्थिति में वे विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं। न्यायाधीशों ने विद्यार्थियों से कानून के प्रति जागरूक रहने तथा साइबर माध्यमों का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्था के अधीक्षक श्री नरेंद्र सोनवानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने उपस्थित न्यायाधीशों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के बीच इस प्रकार के विधिक जागरूकता कार्यक्रम अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने निकट भविष्य में भी छात्रावास में इसी प्रकार के जागरूकता शिविर आयोजित किए जाने का आग्रह किया।

Related Articles

Back to top button