गरियाबंद

नगर पालिका गरियाबंद में 66 लाख के चार विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शुभारंभ

जिला अस्पताल के पास बनेगा सुलभ शौचालय, मुक्तिधाम का होगा उन्नयन और पीपलेश्वर मंदिर के पास बनेगा टीन शेड

AINS NEWS गरियाबंद… नगर पालिका गरियाबंद में 66 लाख रुपये की लागत से होने वाले चार विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव ने किया। इन कार्यों में जिला अस्पताल के पास सार्वजनिक सुलभ शौचालय निर्माण, मुक्तिधाम का उन्नयन, पीपलेश्वर महादेव मंदिर के पास टीन शेड निर्माण तथा वार्ड क्रमांक 12-13 में सीसी सड़क मरम्मत कार्य शामिल हैं। इन कार्यों से नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में भी सहूलियत मिलेगी।

जिला अस्पताल के पास बनेगा सुलभ शौचालय

वार्ड क्रमांक 1 में जिला अस्पताल के पास 30 लाख रुपये की लागत से सार्वजनिक सुलभ शौचालय बनाया जाएगा। यहां महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग व्यवस्था रहेगी। वर्तमान में इस क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय की सुविधा नहीं होने से जिला अस्पताल और उपजेल आने वाले लोगों को परेशानी होती है। प्रतिदिन सैकड़ों लोग यहां पहुंचते हैं। लंबे समय से शौचालय निर्माण की मांग की जा रही थी। नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव ने इस आवश्यकता को संज्ञान में लेते हुए कार्य की स्वीकृति दिलाई।

30 लाख से मुक्तिधाम का उन्नयन

वार्ड क्रमांक 7-8 में 30 लाख रुपये की लागत से मुक्तिधाम का उन्नयन किया जाएगा। इससे यहां आने वाले लोगों के लिए बैठने और आवागमन की सुविधाओं में सुधार होगा तथा व्यवस्थाएं बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

मंदिर के पास बनेगा टीन शेड

वार्ड क्रमांक 13 में पीपलेश्वर महादेव मंदिर के पास 5 लाख रुपये की लागत से टीन शेड का निर्माण किया जाएगा। इससे मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों में लोगों को सुविधा मिलेगी। साथ ही धूप और बारिश से बचाव के लिए भी उपयुक्त स्थान उपलब्ध होगा।

सीसी सड़क मरम्मत कार्य का भी शुभारंभ

वार्ड क्रमांक 12-13 में एक लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क मरम्मत कार्य का भी शुभारंभ किया गया। इससे सड़क की स्थिति में सुधार होगा और स्थानीय लोगों के आवागमन में सुविधा मिलेगी।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव ने कहा कि नगर के विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं। मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता से पूरा किया जा रहा है। आज 66 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शुभारंभ किया गया है, वे सभी सीधे तौर पर जनहित से जुड़े हैं। इन कार्यों का निर्माण जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष आसिफ मेमन, सभापति रेणुका साहू, पार्षद सुरेंद्र सोनटेके, बिंदु सिन्हा, सूरज सिन्हा, सुरेंद्र सोनटेके सहित डॉ. हरीश चौहान, उपजेल अधीक्षक रवि कुमार भुआर्य, सागर मयानी, प्रतीक तिवारी, अर्चना उपाध्याय, नीलू निर्मलकर, भूपेंद्र कश्यप तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे

 

Related Articles

Back to top button