जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के लिए जिला एवं चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित
कलेक्टर ने जनगणना कार्य को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के दिए निर्देश

AINS NEWS गरियाबंद… कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी रणबीर शर्मा की अध्यक्षता में आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जिला एवं चार्ज अधिकारियों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि भारत की जनगणना 2027 स्वतंत्रता की बाद 8वीं जनगणना है। राज्य स्तर से आएं प्रशिक्षक द्वारा जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाओं एवं तकनीकी पहलुओं से अवगत कराएं जा रहे है। जिसे सभी अधिकारी भली भांति प्रशिक्षण प्राप्त करें जहां कही शंका हो तो उसे दोबारा प्रश्न पूछकर अपनी शंकाओं को दूर करें। उन्होंने कहा कि जिले में जनगणना के कार्य को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जाना है। इसके लिए उन्होंने जिले के नागरिकों से जनगणना कार्य में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से जनगणना के लिए नियुक्त प्रगणकों एवं अधिकृत कर्मचारियों को सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि जनगणना का कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

कलेक्टर शर्मा ने कहा कि इससे प्राप्त आंकड़े विकास योजनाओं के निर्माण, प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने और विभिन्न नीतियों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों से प्रशिक्षण में दी गई जानकारी और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही, सभी से अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ करते हुए जनगणना कार्य को समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराने निर्देशित किया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नागरिकों को 10 से 24 जनवरी 2027 तक वेब पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना का अवसर मिलेगा। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। इस दौरान निर्धारित प्रारूप के अनुसार परिवारों से आवश्यक जानकारी एकत्र की जाएगी। स्व-गणना के तहत नागरिक वेब पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार से संबंधित जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए सभी आवश्यक विवरण सही और सावधानीपूर्वक भरना होगा। प्रशिक्षण में डिजिटल माध्यम से आंकड़ों की प्रविष्टि और स्व-गणना की तकनीकी प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में जिले के ग्रामीण एवं शहरी जनगणना चार्ज अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया, कार्यप्रणाली और निर्धारित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी इस दौरान जनगणना की विभिन्न प्रक्रियाओं, अधिकारियों के दायित्वों, निर्धारित प्रावधानों तथा कार्य को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के संबंध में विस्तार से बताया गया। साथ ही, कार्य के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं के समाधान पर भी चर्चा की गई। इस दौरान जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती ऋषा ठाकुर सहित जिले के सभी अनुविभागीय चार्ज अधिकारी, ग्रामीण एवं नगरीय चार्ज अधिकारी तथा जनगणना में शामिल कर्मचारी उपस्थित थे।




