22 जनवरी को कांग्रेस भवन में हनुमान चालीसा और माता कौशल्या के मंदिर चंदखुरी में सुंदरकांड का पाठ कराया जाएगा
कांग्रेस की जब सरकार थी तो छत्तीसगढ़ में चंदखुरी स्थित माता कौशल्या के मंदिर का जीर्णोद्धार किया गया

AINS NEWS 24X7….. 22 जनवरी को अयोध्या जी में होने वाले भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दिन पूरे देश में कुछ ना कुछ भक्ति में आयोजन होगा ही। इससे छत्तीसगढ़ कांग्रेस भी अछूती नहीं रहेगी। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी जिला मुख्यालय के कांग्रेस भवन में हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा, इसी तरह राजधानी रायपुर के राजीव भवन में भी हनुमान चालीसा का पाठ होगा। दीपक बैज ने कहा कि माता कौशल्या के मंदिर चंदखुरी में सुंदरकांड का पाठ कराया जाएगा। दीपक बैज ने कहा कि राम के प्रति आस्था सभी में है, राम सबके दिल में है, इसलिए भारतीय जनता पार्टी को यह बताने की जरूरत नहीं है और हमें भारतीय जनता पार्टी से प्रमाण पत्र भी नहीं लेना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जब सरकार थी तो छत्तीसगढ़ में चंदखुरी स्थित माता कौशल्या के मंदिर का जीर्णोद्धार किया गया, राम वन पथ गमन परिपथ योजना के अंतर्गत उन स्थानों को विकसित करने का बीड़ा उठाया गया जिन-जिन स्थानों पर से भगवान राम गुजरे थे। प्राण प्रतिष्ठा को लेकर दीपक बैज ने कहा कि प्रधानमंत्री जी इस कार्यक्रम के माध्यम से राजनीतिक लाभ अर्जित करना चाहते हैं, वरना राम भगवान की प्राण प्रतिष्ठा के लिए रामनवमी से बेहतर दिन और क्या हो सकता है।लेकिन प्रधानमंत्री रामनवमी तक इंतजार नहीं कर रहे हैं वह 22 जनवरी को ही प्राण प्रतिष्ठा कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने यह भी कहा कि भारत के शंकराचार्य इस प्राण प्रतिष्ठा के विरोध में है, उनका मानना है कि मंदिर अभी पूरी तरह से तैयार नहीं हुआ है इसलिए उसमें भी प्राण प्रतिष्ठा नहीं की जा सकती।




