ईडी ने धर्मनगरी डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष और डोंगरगढ़ राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल के घर दबिश दी
ईडी की यह कार्रवाई कस्टम मिलिंग घोटाले से जुड़ा होना बताया जा रहा है
AINS NEWS…. लोकसभा चुनाव खत्म होते ही छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) एक बार फिर सक्रिय हो गई है। ED ने शनिवार को रायपुर और राजनांदगांव में छापा मारा है। ईडी ने धर्मनगरी डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष और डोंगरगढ़ राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल के घर दबिश दी है। अग्रवाल के रायपुर और डोंगरगढ़ स्थित ठिकानों पर जांच चल रही है। ईडी की यह कार्रवाई कस्टम मिलिंग घोटाले से जुड़ा होना बताया जा रहा है।

पूर्व की भूपेश बघेल सरकार के दौरान धान की कस्टम मिलिंग में बड़े घोटाले का खुलासा ED ने किया था। इसके सूत्रधार मार्कफेड के तत्कालीन अफसर मनोज सोनी हैं। ईडी ने जांच में पाया था कि खरीफ वर्ष 2021-22 तक सरकार द्वारा धान का प्रति क्विंटल 40 रुपये भुगतान किया गया। धान की कस्टम मिलिंग के लिए दी जाने वाली रकम को तीन गुना बढ़ाकर 120 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया। कस्टम मिलिंग का भुगतान दो किस्तों में किया गया। आरोप है कि एसोसिएशन के कुछ लोगों ने मार्कफेड के MD मनोज सोनी के साथ मिलकर इस पूरी गड़बड़ी को अंजाम दिया। प्रदेश के मिलर्स को 500 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया, जिसमें से 175 करोड़ रुपये की रिश्वत वसूली गई और उसे राजनीतिक संरक्षण में बांट लिया गया।




