दुर्घटना

भाजपा कार्यकर्ताओं से भरी बोलेरो का भीषण सड़क हादसा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे

हादसे में महिला समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आठ भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल

AINS NEWS… प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं से भरी बोलेरो का भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। इस बोलेरो ने पहले एक महिला को बेरहमी से कुचल दिया और फिर पुल से नीचे सोन नदी में जा गिरी। इस हादसे में महिला समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आठ भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

घायलों में से चार की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए सिम्स, बिलासपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य चार का इलाज जिला अस्पताल गौरेला में चल रहा है। प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच चुका है और पूरे मामले की जांच जारी है।

कैसे हुआ यह भयानक हादसा? :

मिली जानकारी के अनुसार, मनेंद्रगढ़ (MCB) जिले के ताराबहरा से नौ भाजपा कार्यकर्ता बोलेरो में सवार होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में शामिल होने के लिए बिलासपुर के मोहभट्टा जा रहे थे। इसी दौरान जब बोलेरो पेंड्रा और कोटमी के बीच सोन नदी के पुल पर पहुंची, तो पंडरीखार गांव की रहने वाली रमिताबाई पुल पर खड़ी होकर फूल विसर्जन कर रही थी।

बोलेरो की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसने रमिताबाई को जोरदार ठोकर मार दी, जिससे महिला हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद बोलेरो चालक नियंत्रण खो बैठा, और गाड़ी पुल के नीचे सोन नदी में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। इस घटना में बोलेरो सवार बाबूराम चौधरी की भी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य भाजपा कार्यकर्ता बुरी तरह घायल हो गए।

इस सोन नदी के पुल पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पुल के किनारे साइड वॉल नहीं होने की वजह से यह जगह बेहद खतरनाक बनी हुई है। यहां पहले भी कई गाड़ियां नीचे गिर चुकी हैं, लेकिन प्रशासन ने इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। यह हादसा इस पुल की खतरनाक स्थिति को फिर से उजागर कर गया है। अब सवाल उठता है कि क्या प्रशासन इस पर कोई ठोस कदम उठाएगा या फिर यह पुल भविष्य में और जानलेवा साबित होगा?

Related Articles

Back to top button