AINS NEWS… राष्ट्रीय राजधानी में दिल दहला देने वाले हादसे में मालवीय नगर के होटल में लगी भीषण आग ने 21 लोगों की जान ले ली। इनमें 12 विदेशी नागरिक हैं। घनी आबादी वाले इलाके हौज रानी स्थित होटल फ्लोरिश स्टे बीएंडबी में बुधवार सुबह लगी आग में कम से कम 28 लोग घायल हैं। इनमें 8 को वेंटिलेटर पर रखा गया है। राहत और बचाव के दौरान पुलिस समेत 13 बचावकर्मी भी जख्मी हुए हैं। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या और बीएनएस की अन्य संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर देर रात होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली सरकार ने हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि होटल बिना फायर एनओसी के चल रहा था।
आग होटल के बेसमेंट स्थित रेस्तरां में सुबह करीब 8:30 बजे लगी और तेजी से ऊपरी मंजिलों पर बने कमरों और बेसमेंट तक पहुंच गई। बताया जा रहा है कि भूतल पर सीढ़ी के पास रखे सामान में आग लगी और तेजी से पूरी इमारत को अपने चपेट में ले लिया। इससे होटल में रह रहे लोगों में अफरा-तफरी फैल गई। दहशत के चलते जान बचाने के लिए लोग भागने लगे, लेकिन आग की लपटों में घिर गए।
पूरी इमारत में धुआं फैलने से लोगों को बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिला। इमारत में प्रवेश और निकास के लिए सिर्फ एक ही रास्ता था, जिसका दरवाजा सेंसर से खुलता और बंद होता था। आग लगने से सेंसर ने काम करना बंद कर दिया। घबराहट के बीच कई लोग जान बचाने के लिए तीसरी और चौथी मंजिल से कूद गए।
होटल के शेफ केसर नेगी ने एक टीवी चैनल को बताया कि रेस्तरां में एक इलेक्ट्रिक चूल्हा था। जैसे ही इसे चालू किया गया, एक धमाका हुआ और एकाएक आग भड़क उठी। इससे लगा कि आग पहले से ही लगी थी। मैंने अपने सहायक को यह बात बताई। हालांकि पुलिस या फायर विभाग ने अभी तक आग लगने की वजह का खुलासा नहीं किया है।
अधिकारियों के मुताबिक, सुबह करीब पौने नौ बजे आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस व आपदा राहत इकाइयों के साथ आग बुझाने और होटल में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। बचाव कार्य दोपहर 3:35 तक चला।