बस्तर

बस्तर दशहरा विशेष… देवी देवताओं का महाकुंभ है बस्तर दशहरा

दशहरा में 350 देवी-देवताओं का होता है समागम

AINS NEWS जगदलपुर…  बस्तर दशहरे पर आमंत्रित देवी-देवताओं की संख्या को देखते हुए कहा जा सकता है कि, यह पर्व आदिम जनजातियों की आस्था का महाकुंभ हैं। दशहरा पर्व में समूचे बस्तर के लगभग 350 देवी-देवता शामिल होते हैं। बस्तर राजवंश की कुल देवी दंतेश्वरी के विभिन्न रूप इस पर्व पर नजर आते है, जिसका एक रूप मावली माता है। क्षेत्र और परगने की विशिष्टता एवं परम्परा के आधार पर मावली माता के एक से अधिक सम्बोधन सुनने देखने को मिल जाते हैं। जैसे घाट मावली(जगदलपुर), मुदरा (बेलोद), खांडीमावली (केशरपाल), कुंवारी मावली हाटगांव और मोरके मावली चित्रकोट है।

 रियासतकाल से जारी है परंपराएं

बस्तर में रियासतकाल से देवी-देवताओं को दशहरा पर्व पर आमंत्रित करने की परम्परा आज भी जारी है। माई दंतेश्वरी सोनारपाल, धौड़ाई नलपावंड, कोपरामाडपाल, फूलपदर, बामनी, सांकरा, नगरी, नेतानार, सामपुर, बड़े तथा छोटे डोंगर , मावली माता की स्थापना माड़पाल, मारकेल, जड़ीगुड़ा, बदरेंगा, बड़ेमारेंंगा, मुण्डागांव और चित्रकोट में हैं। इसी तरह हिंगलाजिन माता की स्थापना विश्रामपुरी, बजावंड, कैकागढ़, बिरिकींगपाल, बनियागांव भंडारवाही और पाहुरबेल में है। इसी तरह कंकालीन माता जलनी माता की भी स्थापना बस्तर के विभिन्न गांवों में है।

सर्वाधिक शकि्तशाली माने जाते हैं भैरमदेव

देवी देवताओं को उनकी शक्ति पद और प्रतिष्ठा के अनुरूप दिये गये सम्मान में भैरमदेव को सर्वाधिक शक्तिशाली माना जाता है। भैरम के और भी रूप जद भैरम, बूढ़ा भैरम और पीला भैरम मिलते है। घोड़ावीर, कालवाम,गायतादेव, सिंगदेव, जांगड़ादेव तथा भीमादेव भी पूजे जाते हैं। इन देवताओं का रूप प्राय: देवी माता में नजर आता है। कानों में कुण्डल, बाह में बाहड़ा , कलाई में कड़ा और लहंगा-जम्पर पहने होते हैं। इनके साथ चल रहे भक्त घंटी, मोहरी, नगाड़ा, तुरही,शंख आदि बजाते हुए चलते हैं। सिरहा खुले बदन अपने आप को कोड़े मारता हुआ चलता है। कहा जाता है कि उस पर देवी की सवारी आती है। जुलूस के आगे-आगे चल रही भक्तों की भीड़ सिरहा के लिए रास्ता छोड़ती हुई चली जाती है, साथ ही पुजारी लोग आंगा देव को कंधे पर रखकर आड़े तिरछे दौड़ते हुए चलते हैं। जिससे जुलूस में शामिल नागरिकों में भय की भावना उत्पन्न होती है और वे दौड़ते हुए आंगा देव के सम्मान में किनारे हट कर रास्ता दे देते हैं।

लोकतांत्रिक परंपरा की मिसाल है दशहरा

संभागीय मुख्यालय जगदलपुर में आमंत्रित देवी-देवताओं के प्रतीक स्वरूप उनके पुजारी या सिरहा की अगुवाई में प्रतीक चिन्ह एवं पूजा पात्र उपकरण यथा डोली, लाट, छत्र, बडग़ा आदि लेकर नगर के विभिन्न स्थलों में डेरा जमाते हैं और पूजा आदि में सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। जन-जन की भागीदारी इस पर्व को बस्तर की लोकतांत्रिक परम्परा को अनूठा बनाती है। अपनी तमाम खूबियों के बीच कई टन वजनी दो मंजिला भवन के आकार का विशालकाय रथ की परिक्रमा पर्व का खास आकर्षण है। जिसे अपने कैमरे मेें कैद करने देशी-विदेशी पर्यटकों में होड़ लगी रहती है।

सुधीर जैन

Related Articles

Back to top button