राष्ट्रीय

दिल्ली के आँगन में महका छत्तीसगढ़: केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने ‘विकसित भारत’ के 100 युवा दूतों का किया अभिनंदन

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “राष्ट्र प्रथम (Nation First)” के विचारों को आत्मसात कर देश सेवा में समर्पित भाव से आगे बढ़ने का संदेश दिया :केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू

AINS NEWS… देश की राजधानी दिल्ली में पंडित पंथ मार्ग स्थितिकेंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री, भारत सरकार, माननीय श्री तोखन साहू का निवास आज मानो एक लघु छत्तीसगढ़ में परिवर्तित हो गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय,भारत सरकार द्वारा आयोजित विकसित भारत यूथ डायलॉग में सहभागिता के लिए दिल्ली पहुँचे छत्तीसगढ़ के 100 प्रतिभाशाली युवाओं के अभिनंदन एवं सम्मान हेतु आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश की माटी की महक, संस्कृति और युवा ऊर्जा पूरे वातावरण में झलकती रही।

युवाओं को संबोधित करते हुए माननीय श्री तोखन साहू ने ‘जय जोहार’ और ‘राम-राम’ के आत्मीय अभिवादन के साथ कहा कि आज दिल्ली के इस आँगन में उन्हें बस्तर से सरगुजा तक छत्तीसगढ़ का गौरव दिखाई दे रहा है। श्री साहू ने कहा कि “स्वामी विवेकानंद जी ने कहा था कि मुझे 100 ऊर्जावान युवा दे दो, मैं देश बदल दूँगा। आज वही 100 युवा मेरे सामने खड़े हैं।”

केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी, साहसिक और परिवर्तनकारी नेतृत्व की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को केवल विकास की योजनाएँ ही नहीं दीं, बल्कि राष्ट्र को एक स्पष्ट दिशा, आत्मविश्वास और वैश्विक पहचान प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत @2047 का संकल्प मोदी जी की उसी सोच का प्रतिफल है, जिसमें युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण का केंद्र माना गया है। आज छत्तीसगढ़ का युवा मोदी जी के नेतृत्व में नवाचार, डिजिटल सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के पथ पर अग्रसर होकर देश के विकास का मजबूत इंजन बन रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व प्रत्येक युवा को बड़े सपने देखने, उन्हें साकार करने और राष्ट्र के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा देता है, तथा केंद्र सरकार युवाओं की हर पहल में पूरी मजबूती से साथ खड़ी है।

प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए युवाओं ने इस मंच पर अपने अनुभव साझा किए और बताया कि कैसे विकसित भारत यूथ डायलॉग ने उन्हें राष्ट्रीय दृष्टि प्रदान की। कार्यक्रम में सहभागी साक्षी पांडेय ने “सतत एवं हरित विकसित भारत” विषय पर अपने विचार साझा किए।
माननीय मंत्री ने सभी की सराहना करते हुए कहा कि आप सभी युवा साथी छत्तीसगढ़ का ब्रांड एंबेसडर बताते हुए उन्हें प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “राष्ट्र प्रथम (Nation First)” के विचारों को आत्मसात कर देश सेवा में समर्पित भाव से आगे बढ़ने का संदेश दिया।

औपचारिक चर्चा के पश्चात कार्यक्रम छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक रंग में रंग गया। पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य ने यह संदेश दिया कि छत्तीसगढ़ का युवा अपनी जड़ों से जुड़ा हुआ है और भविष्य के लिए पूरी तरह तैयार भी है।

इस अवसर पर श्री ए.बी. सिंह, श्री अर्पित तिवारी,श्री आदित्य पांडेय , सुश्री सुधा कुमार , श्री सौरभ निषाद, सुश्री स्मृति सैनी सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Back to top button