आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने बिलासपुर में जनदर्शन कार्यक्रम में नागरिकों की समस्याएँ सुनीं
जनसमस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है

AINS NEWS… आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने बिलासपुर स्थित अपने निज कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने आम नागरिकों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। मंत्री श्री साहू ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनदर्शन जनसंवाद को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

इसके पश्चात राज्य मंत्री श्री तोखन साहू बिलासपुर स्थित होटल बंसीवाला में छत्तीसगढ़ पुस्तकालय संघ द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में सम्मिलित हुए। इस गरिमामय कार्यक्रम में पुस्तकालयों के माध्यम से ज्ञान, शिक्षा और बौद्धिक चेतना के विस्तार में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समर्पित व्यक्तियों एवं संस्थाओं का सम्मान किया गया।

मंत्री श्री साहू ने अपने संबोधन में कहा कि पुस्तकालय समाज में ज्ञान-संस्कृति के संवाहक होते हैं और शिक्षित, जागरूक एवं सशक्त समाज के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कार्यक्रम के आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा ज्ञान-संस्कृति को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।




