तालाब में छिपाई गई लकड़ी बरामद, उड़ीसा सीमा से लगे गांव में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई
कार्रवाई से बचने के लिए तस्करों ने लकड़ी को पानी में छिपाकर रखा

AINS NEWS गरियाबंद… दक्षिण उदंती वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने लकड़ी तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए साहिबीन कछार गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध लकड़ी जब्त की है। यह गांव उड़ीसा सीमा से लगा हुआ है और लंबे समय से वन विभाग की निगरानी में था।

जानकारी के मुताबिक 5 तारीख को पुलिस से मिली सूचना के आधार पर वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए करीब ढाई घन मीटर लकड़ी जब्त की थी। उस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था। मामले की जांच आगे बढ़ने पर विभाग को तस्करी में शामिल अन्य लोगों की जानकारी मिली।
इसी कड़ी में वन विभाग ने 12 लोगों के नाम सर्च वारंट जारी कर साहिबीन कछार गांव में दबिश दी। छापेमारी के दौरान टीम को तालाब में छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में लकड़ी मिली। वन अमले ने करीब 5 घन मीटर लकड़ी बरामद कर जब्त कर ली। आशंका है कि कार्रवाई से बचने के लिए तस्करों ने लकड़ी को पानी में छिपाकर रखा था।

वन विभाग अब मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दक्षिण उदंती वन मंडल के डीएफओ वरुण जैन ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि विभाग को लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर अभियान चलाया जा रहा है। वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।




