मेरा अपने परिवार से कोई नाता नहीं है। पूरी दुनिया ही मेरा परिवार है, पूरा समाज ही मेरा परिवार – धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री
बागेश्वर धाम के छोटे भाई पर युवक से मारपीट और गोली चलाने का आरोप लगा

AINS NEWS… बागेश्वर धाम के छोटे भाई पर युवक से मारपीट और गोली चलाने का आरोप लगा है। अपने भाई शालिग्राम पर लगे आरोपों पर बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि “मैंने शालिग्राम के बारे में तीन साल पहले ही बता दिया था कि अब मेरा उनसे कोई संबंध नहीं है। असल में, मेरा अपने परिवार से भी कोई नाता नहीं है। पूरी दुनिया ही मेरा परिवार है, पूरा समाज ही मेरा परिवार है।”

बागेश्वर धाम ने कहा- मैं समाज, देश और सनातन धर्म के लिए जीता हूं। छतरपुर जिला और मेरा परिवार बहुत बड़ा है, इसलिए यहां किसी न किसी तरह की घटनाएं होती रहती हैं। कानून को अपना काम करने दें और उचित कानूनी कार्रवाई हो। जो भी ज़िम्मेदार हो, उसे कड़ी से कड़ी सज़ा मिलनी चाहिए। कानून के हिसाब से जो सजा हो वह मिलनी चाहिए।
बागेश्वर धाम ने कहा कि मेरी सभी से विनम्र अपील है कि शालिग्राम के मामले में मुझे नहीं घसीटा जाए। मेरा शालिग्राम से कोई संबंध नहीं है। वहीं, शालिग्राम गर्ग भी इस मामले में वीडियो जारी कर कह चुके हैं कि मेरा बागेश्वर धाम से कोई संबंध नहीं है।
छतरपुर में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग पर एक युवक को गोली मारने का आरोप लगा है। गोली युवक के सीने में लगी है। जिसके बाद घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। डॉक्टरों ने यहां ऑपरेशन कर गोली निकाल दी है। हालांकि युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, घायल मोतीलाल कुशवाहा राजनगर थाना इलाके के कोड़ा गांव का रहने वाला है। उसने पुलिस को बताया- शालिग्राम गर्ग मेरी जमीन छीनना चाहते हैं। वह अपने दोस्तों के साथ मंगलवार सुबह मेरे घर पहुंचे। मुझे घर से बाहर खींच लाए। सभी ने लाठी-डंडों से हमला किया। इसके बाद सालिग्राम ने तीन-चार राउंड फायर किया। एक गोली मेरे सीने में लगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में शालिग्राम गर्ग ने भी मामला दर्ज कराया है।




