शिक्षक पर छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, आत्मानंद स्कूल के शिक्षक के खिलाफ एफआईआर, जांच में जुटी पुलिस
घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और चिंता का माहौल है

AINS NEWS… गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र से शिक्षा जगत को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। पेंड्रा स्थित आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में पदस्थ एक शिक्षक पर छात्रा को कथित रूप से बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। परिजनों की शिकायत पर पेंड्रा पुलिस ने आरोपी शिक्षक अमित शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार, आरोपी शिक्षक मूलतः मध्यप्रदेश के सतना जिले का निवासी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है और संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस शिक्षक पर बच्चों के भविष्य को संवारने की जिम्मेदारी होती है, उसी पर इस तरह के गंभीर आरोप लगना बेहद चिंताजनक है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आरोपी पर लगे आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।




