गरियाबंद

नालियों की सफाई, कचरा उठाव और बुनियादी सुविधाओं को लेकर रहवासी परेशान, जिम्मेदारों से कार्रवाई की मांग

गरियाबंद नगर के वार्ड नंबर 1 में स्वच्छता और मूलभूत सुविधाएं बदहाल

AINS NEWS/JEEVAN S. SAHU/गरियाबंद… नगर के वार्ड नंबर 1 में स्वच्छता व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति को लेकर स्थानीय रहवासियों में नाराजगी देखने को मिल रही है। वार्ड में नियमित साफ-सफाई नहीं होने, नालियों की समुचित सफाई एवं कचरा उठाव की व्यवस्था प्रभावित होने से जगह-जगह गंदगी की स्थिति बनी हुई है। इससे वार्डवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वार्ड में स्वच्छता व्यवस्था पर लगातार ध्यान देने की जरूरत है। कई स्थानों पर नालियों में गंदगी जमा होने से दुर्गंध की समस्या बनी रहती है। वहीं मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी रहवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

रहवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से वार्ड का निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त कराने, नियमित कचरा उठाव एवं नालियों की सफाई सुनिश्चित करने तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। वार्डवासियों का कहना है कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए केवल मुख्य मार्गों ही नहीं, बल्कि सभी वार्डों में समान रूप से सफाई और विकास कार्यों पर ध्यान दिया जाना आवश्यक है।

महीनों से खुदी सड़क बनी परेशानी क्षतिग्रस्त पाइपलाइन से घरों तक नहीं पहुंच रहा पानी

नगर के वार्ड नंबर 1 में इन दिनों स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को लेकर अव्यवस्थाओं का आलम देखने को मिल रहा है। बिजली ऑफिस के सामने कचरा पड़ा हुआ है, जिससे आसपास गंदगी और दुर्गंध की स्थिति बनी हुई है। वहीं फेवर ब्लॉक लगाने के लिए महीनों पहले खोदी गई सड़क अब तक दुरुस्त नहीं किए जाने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क खोदने के दौरान जगह-जगह पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके चलते कई घरों में नियमित रूप से पानी नहीं पहुंच पा रहा है। लंबे समय से समस्या बने रहने के बावजूद संबंधित विभाग द्वारा अब तक ठोस पहल नहीं किए जाने से रहवासियों में नाराजगी है।

वार्डवासियों का कहना है कि विकास कार्य के नाम पर सड़क खोदने के बाद उसे समय पर पूरा नहीं किया गया। वहीं क्षतिग्रस्त पाइपलाइन के कारण पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। एक ओर स्वच्छता व्यवस्था सवालों के घेरे में है, तो दूसरी ओर सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। रहवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से खुदी सड़क को शीघ्र दुरुस्त कराने तथा क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों की मरम्मत कर घरों तक नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।

स्ट्रीट लाइट खराब, अंधेरे में मोहल्लेवासी

नगर के वार्ड नंबर 1 में मूलभूत सुविधाओं को लेकर समस्याएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। वहीं मोहल्ले की स्ट्रीट लाइटें खराब होने से रात के समय अंधेरा पसरा रहता है। स्थानीय रहवासियों के अनुसार, कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट खराब होने के कारण रात में आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अंधेरे के चलते दुर्घटना की आशंका बनी रहती है और मोहल्लेवासियों में असुरक्षा का माहौल है। रहवासियों ने संबंधित विभाग और नगर पालिका प्रशासन से खराब स्ट्रीट लाइटों को जल्द दुरुस्त कराने तथा वार्ड की प्रकाश व्यवस्था सुचारु करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सफाई, सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं का जल्द समाधान होना चाहिए।

 

Related Articles

Back to top button