गरियाबंद

वन उत्पाद आधारित उद्यमों हेतु तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न

कार्यक्रम में जिले के 40 से अधिक लघु एवं सूक्ष्म उद्यमियों ने भाग लेकर जानकारी प्राप्त की

AINS NEWS…  ग्राम जामगांव, ब्लॉक फिंगेश्वर, जिला गरियाबंद में 14 से 16 मार्च तक वन उत्पाद आधारित उद्यमों के लिए आयोजित तीन दिवसीय सेक्टर-विशिष्ट प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (CSIDC), छत्तीसगढ़ शासन की Raising and Accelerating MSME Performance (RAMP) योजना के अंतर्गत नोडल एजेंसी स्कूलनेट इंडिया लिमिटेड द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के 40 से अधिक लघु एवं सूक्ष्म उद्यमियों ने भाग लेकर वन उत्पाद आधारित व्यवसायों से जुड़ी आधुनिक तकनीकों एवं उद्यम विकास की जानकारी प्राप्त की।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के अंतर्गत उपलब्ध शासकीय सहायता, बैंक ऋण एवं विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर संसाधन व्यक्ति के रूप में स्कूलनेट इंडिया लिमिटेड के राज्य कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिलेश कुमार सिंह द्वारा महुआ प्रसंस्करण, फूड ग्रेड महुआ उत्पादन, इमली प्रसंस्करण, बैंक लिंकेज, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, FSSAI प्रमाणन एवं ग्रीन पैकेजिंग जैसे विषयों पर प्रायोगिक एवं सेक्टर-विशिष्ट प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम में सलाहकार अनिल साहू ने भी उद्यमिता विकास एवं व्यवसायिक संभावनाओं पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर ग्राम जामगांव की सरपंच श्रीमति रेणुका डाहरे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग, स्वरोजगार के अवसरों में वृद्धि तथा ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को प्रोत्साहन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की।

 

Related Articles

Back to top button