गरियाबंद

शराब के नशे में स्कूल के पास पड़े रहने का वीडियो वायरल, शिक्षक के निलंबन का प्रस्ताव भेजा

स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन निर्धारित समयावधि में संबंधित शिक्षक द्वारा कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया

AINS NEWS गरियाबंद… विकासखंड मैनपुर अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला शोभा में पदस्थ शिक्षक युमना प्रसाद जोशी (एल.बी.) से जुड़ा एक मामला सामने आया है। शिक्षक का शराब के नशे में स्कूल के समीप झाड़ियों में पड़े रहने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है। मामले में विभागीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए संबंधित शिक्षक के निलंबन का प्रस्ताव संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग रायपुर को भेजा गया है।

जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर ने बताया कि शिक्षक युमना प्रसाद जोशी के संबंध में सामने आए वीडियो एवं प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी, मैनपुर के माध्यम से संबंधित शिक्षक को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया था। शिक्षक से पूरे मामले के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन निर्धारित समयावधि में संबंधित शिक्षक द्वारा कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया।

जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि विद्यालय में पदस्थ शिक्षक का इस प्रकार का आचरण न केवल अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है, बल्कि इससे शिक्षा विभाग की गरिमा एवं विभाग की छवि भी प्रभावित होती है। शिक्षक समाज में विद्यार्थियों के लिए अनुशासन और जिम्मेदारी का उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। ऐसे में विद्यालय के आसपास शराब के नशे में पाए जाने से संबंधित मामला विभाग द्वारा गंभीरता से लिया गया है।

उन्होंने बताया कि उपलब्ध तथ्यों एवं विभागीय कार्रवाई के आधार पर संबंधित शिक्षक का कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के प्रावधानों के विपरीत गंभीर कदाचार की श्रेणी में पाया गया है। इसके बाद प्रकरण को सक्षम स्तर पर कार्रवाई के लिए अग्रेषित किया गया है।

डीईओ राजेश चंद्राकर ने स्पष्ट किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षक युमना प्रसाद जोशी को निलंबित किए जाने संबंधी प्रस्ताव संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग रायपुर को भेजा गया है। निलंबन की अंतिम कार्रवाई सक्षम अधिकारी द्वारा नियमानुसार की जाएगी।

 

Related Articles

Back to top button