गरियाबंद

अंतरराज्यीय नारको-वन्यजीव तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़: 3 दिन में 3 ऑपरेशन, 79 किलो नारकोटिक्स व 1.47 किलो पैंगोलिन स्केल जब्त, 8 गिरफ्तार

जब्त सामग्री को आगे की जांच व NDPS एक्ट के तहत अभियोजन हेतु धमतरी पुलिस को सौंप दिया गया

AINS NEWS GARIABAND… छत्तीसगढ़ के उदंती-सीतानादी टाइगर रिजर्व (USTR) व ओडिशा के मलकानगिरी-नबरंगपुर क्षेत्र में खुफिया जानकारी पर आधारित संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय नारकोटिक्स-वन्यजीव तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। तीन दिनों में तीन अलग-अलग ऑपरेशनों में कुल 79 किलोग्राम संदिग्ध नारकोटिक्स पदार्थ व 1.47 किलोग्राम पैंगोलिन स्केल जब्त किए गए तथा आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

घटनाक्रम
10 सितंबर 2026 की सुबह नियमित निगरानी व गश्त के दौरान USTR के बोराई वन जांच चौकी की टीम ने एक मोटरसाइकिल को रोका, जिस पर दो व्यक्ति सवार थे और उनके पास एक बड़ा बैग था। यह मोटरसाइकिल ओडिशा के नबरंगपुर की ओर से सीतानादी रेंज के कोर एरिया में अनधिकृत रूप से घुस आई थी।
इसके बाद बिरनासिल्ली वन जांच चौकी पर रणनीतिक बैरिकेडिंग की गई। नतीजतन एक बैग बरामद हुआ जिसमें लगभग 31 किलोग्राम संदिग्ध नारकोटिक्स पदार्थ/वन उपज तथा एक मोबाइल फोन था। जब्त सामग्री को आगे की जांच व NDPS एक्ट के तहत अभियोजन हेतु धमतरी पुलिस को सौंप दिया गया। दोनों संदिग्ध मोटरसाइकिल समेत फरार हो गए।

जब्त सामग्री व डिजिटल साक्ष्यों से संदिग्धों की आवाजाही नबरंगपुर जिले के रायघर क्षेत्र से उत्तर प्रदेश की ओर होने के संकेत मिले। USTR के पास पहले से ही नबरंगपुर क्षेत्र में नारकोटिक्स व वन्यजीव तस्करी के संभावित संबंधों की खुफिया सूचनाएं थीं।

नबरंगपुर में फॉलो-अप ऑपरेशन
11 सितंबर 2026 को डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़) ने USTR के समन्वय से नबरंगपुर जिले के धांध्रा व मेंत्री क्षेत्र में संयुक्त इंटेलिजेंस आधारित ऑपरेशन चलाया। दो संदिग्ध पेडलर्स को लगभग 48 किलोग्राम संदिग्ध नारकोटिक्स पदार्थ व एक स्कूटी के साथ हिरासत में लिया गया। घटनास्थल पर USTR की डॉग स्क्वाड व ड्रोन स्क्वाड भी तैनात की गई।
गिरफ्तार आरोपी हैं:
1. प्रह्लाद , पिता पदलाम, निवासी काशागुडा, जिला कोरापुट
2. बिमल कुमार माझी, पिता विजय कुमार माझी, निवासी मेंत्री, जिला नबरंगपुर
मलकानगिरी में वन्यजीव तस्करी की कड़ी
ऑपरेशन से मिले सुरागों के आधार पर USTR टीम ने मलकानगिरी वन प्रभाग व सुकमा वन प्रभाग के साथ समन्वय कर मलकानगिरी जिले के गोविंदपल्ली क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई की। तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया तथा लगभग 1.47 किलोग्राम पैंगोलिन स्केल, तीन मोटरसाइकिलें व पांच मोबाइल फोन जब्त किए गए। पूछताछ व फॉलो-अप सर्च के आधार पर तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।
वन्यजीव अपराध प्रकरण OR No. 72 of 2026-27 दर्ज किया गया। आरोपी हैं:
1. रामा कृष्ण गडबा (उम्र 35), पिता सिबा गडबा, जिला मलकानगिरी
2. पूर्णा भूमिया (उम्र 30), पिता धनुरजय भूमिया, जिला मलकानगिरी
3. ईश्वर भूमिया (उम्र 24), पिता सनिया भूमिया, जिला मलकानगिरी
4. कुमा बिसोई (उम्र 31), पिता टीला बिसोई, जिला मलकानगिरी
5. सुशांत खिल्ला (उम्र 25), पिता सोमनाथ खिल्ला, जिला कोरापुट
6. लक्ष्मण सिलपड़िया (उम्र 23), पिता सुखेदेवा सिलपड़िया, जिला कोरापुट

संभावित नारको-वन्यजीव नेक्सस
USTR के कोर एरिया में नारकोटिक्स आवाजाही रोकने, नबरंगपुर में बड़ी जब्ती तथा मलकानगिरी में पैंगोलिन स्केल बरामदगी की घटनाओं का क्रम एक संभावित अंतरराज्यीय संगठित अपराध नेटवर्क की ओर इशारा करता है, जिसमें नारकोटिक्स व वन्यजीव तस्करी के चैनल जुड़ सकते हैं। वर्तमान में बार्टर ट्रेड (नारको-वाइल्डलाइफ कॉन्ट्राबैंड) की संभावना की जांच चल रही है।
USTR का रुख
उदंती-सीतानादी टाइगर रिजर्व ने साफ कहा है कि उसके वन्यजीव कॉरिडोर व वन मार्गों को वन्यजीव या नारकोटिक्स तस्करी के ट्रांजिट रूट के रूप में इस्तेमाल नहीं होने दिया जाएगा। रिजर्व वन विभाग, पुलिस, DRI, WCCB व अन्य प्रवर्तन एजेंसियों के साथ छत्तीसगढ़-ओडिशा-महाराष्ट्र लैंडस्केप में ऐसे नेटवर्कों की पहचान व कार्रवाई जारी रखेगा।
ये ऑपरेशन अंतर-एजेंसी खुफिया साझाकरण, रियल-टाइम फील्ड इंटेलिजेंस, रणनीतिक वन जांच चौकियों पर इंटरसेप्शन, डिजिटल साक्ष्य व पूछताछ की अहमियत को रेखांकित करते हैं।

 

Related Articles

Back to top button