सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा ‘बजरंग चौक का राजा’, बप्पा की धमाकेदार एंट्री ने खींचा लोगों का ध्यान
Instagram पर वायरल हुआ वीडियो, जमकर मिल रही तारीफ

AINS NEWS गरियाबंद… गणेश उत्सव के बीच गरियाबंद के बजरंग चौक के राजा कल भव्य एंट्री के साथ विराजमान हुए। बजरंग चौक गणेश एवं नवदुर्गा उत्सव समिति ने इस बार भगवान गणपति के आगमन को बेहद आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया। बप्पा की अनोखी एंट्री ने मौके पर मौजूद लोगों का ध्यान खींच लिया और अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा बटोर रहा है।

पर्दे पर सबसे पहले गणपति बप्पा के हाथों की झलक दिखाई देती है, जिसके साथ विशाल मूषक की छवि नजर आती है। इसके बाद बप्पा मूषक पर सवार होकर तेज रफ्तार में आते हुए दिखाई देते हैं। जैसे ही अचानक पर्दा हटता है, सामने विराजमान भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा के दर्शन होते हैं। इसी के साथ रोशनी और आतिशबाजी से पूरा बजरंग चौक जगमगा उठता है और चारों ओर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे गूंजने लगते हैं। पूरा माहौल गणपति भक्ति में डूब जाता है।
समिति की ओर से बप्पा के स्वागत के लिए किए गए इस अनोखे प्रयोग ने लोगों को खूब आकर्षित किया। एंट्री के दौरान मौजूद श्रद्धालुओं के बीच उत्साह देखते ही बना। भक्ति, रोशनी, संगीत और सिनेमाई अंदाज का यह संगम गणेश उत्सव में आकर्षण का केंद्र बन गया।

सोशल मीडिया पर भी छाई बप्पा की एंट्री
बजरंग चौक के राजा की इस शानदार एंट्री का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर चर्चित इंफ्लुएंसर कृतेश कश्यप कृष्णा ने Instagram अकाउंट @bajrng_chowk23 पर इस वीडियो को शूट कर शानदार अंदाज में पोस्ट किया।
वीडियो में बप्पा की एंट्री को जिस तरह फिल्माया गया है, उसने सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींच लिया। वीडियो को हजारों लोगों ने देखा और पसंद किया। बड़ी संख्या में लोगों ने इसे शेयर करते हुए समिति के इस नए प्रयोग की तारीफ की।
भक्ति के साथ सोशल मीडिया का नया अंदाज
बजरंग चौक के राजा की यह एंट्री इस मायने में भी खास रही कि यहां पारंपरिक गणेश भक्ति के साथ आधुनिक सोशल मीडिया प्रस्तुति का अनोखा मेल देखने को मिला। बप्पा की भव्य प्रतिमा, फिल्मी अंदाज में तैयार की गई एंट्री, लाइटिंग और आतिशबाजी ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।
अब ‘बप्पा मोरया’ के जयकारों के साथ बजरंग चौक के राजा की यह एंट्री Instagram पर भी धूम मचा रही है और गरियाबंद के गणेश उत्सव के सबसे चर्चित वीडियो में शामिल होती नजर आ रही है।




