किसानों की विभिन्न समस्याओं और 12 सूत्रीय मांगों को लेकर रैली, शीघ्र निराकरण की मांग
प्रदेश के किसानों के लिए करीब 1700 करोड़ रुपये का बोनस लंबित

AINS NEWS गरियाबंद… भारतीय किसान संघ जिला गरियाबंद इकाई ने प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर किसानों की विभिन्न समस्याओं और 12 सूत्रीय मांगों को लेकर रैली निकाली। रैली के बाद किसान संघ के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर किसानों से जुड़े मुद्दों के शीघ्र निराकरण की मांग की।

रैली की शुरुआत गांधी मैदान से हुई, जहां भगवान बलराम और मां भारती की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता रैली के रूप में कलेक्टोरेट पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
किसान संघ की प्रमुख मांगों में वर्ष 2022-23 के किसानों के लंबित बोनस का भुगतान शामिल है। किसान संघ का कहना है कि पूर्ववर्ती सरकार द्वारा प्रदेश के किसानों के लिए करीब 1700 करोड़ रुपये का बोनस लंबित था। वर्तमान सरकार ने किसानों को यह बोनस देने का वादा किया था, लेकिन अब तक किसानों को इसका भुगतान नहीं हुआ है। संघ ने लंबित बोनस राशि शीघ्र किसानों के खातों में दिए जाने की मांग की।
इसके अलावा किसान संघ ने गौ योजना को शीघ्र लागू करने की मांग भी रखी। वहीं क्षेत्र की लंबे समय से लंबित घूमर बांध डायवर्सन योजना को जल्द पूरा करने की मांग की गई। किसान संघ के अनुसार, इस योजना के तहत नहर का निर्माण हुआ है, लेकिन काम अभी भी आधा-अधूरा है। नहर का निर्माण पूर्ण होने से किसानों को दोनों फसलों के लिए पर्याप्त सिंचाई सुविधा मिल सकेगी।
ज्ञापन के माध्यम से किसान हित से जुड़े अन्य मुद्दों को भी उठाते हुए सरकार से किसानों की समस्याओं के जल्द निराकरण की मांग की गई।
रैली में जिला अध्यक्ष माधव सिंह राजपूत, जिला सदस्य परस देवांगन, गंगा राम सिन्हा, गंगाराम साहू, नरेंद्र पांडेय, कृष्ण कुमार यादव, राजेंद्र सिंह ठाकुर, ललित निषाद, प्रीतम साहू, रामेश्वर ठाकुर, गेंदलाल यादव, ईश्वर यादव, बलराम निषाद और श्रीराम साहू सहित बड़ी संख्या में किसान एवं भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी-कार्यकर्ता शामिल हुए।




