पीडब्ल्यूडी की लापरवाही! वर्षों बाद भी पुराने कार्यालय का रास्ता दिखा रहा साइन बोर्ड
संबंधित विभाग द्वारा इस दिशा-सूचक बोर्ड को अपडेट करना जरूरी नहीं समझा

AINS NEWS गरियाबंद… जिला मुख्यालय में लोक निर्माण विभाग (PWD) की लापरवाही का एक मामला सामने आया है। संयुक्त जिला कार्यालय (कलेक्टर कार्यालय) का संचालन वर्ष 2018 के बाद से देवभोग रोड स्थित नवीन भवन में किया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद तिरंगा चौक में लगा दिशा-सूचक साइन बोर्ड आज भी पुराने कार्यालय का जो कि रायपुर रोड के तरफ का रास्ता दिखा रहा है।

जिला कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण स्थान के संबंध में लगाया गया यह साइन बोर्ड बाहर से आने वाले लोगों और आम नागरिकों के लिए भ्रम की स्थिति पैदा कर रहा है। जानकारी के अभाव में लोग पुराने स्थान की ओर पहुंच सकते हैं, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
हैरानी की बात यह है कि वर्षों बीत जाने के बाद भी संबंधित विभाग द्वारा इस दिशा-सूचक बोर्ड को अपडेट करना जरूरी नहीं समझा गया। जब जिला मुख्यालय में कार्यालय का स्थान बदल चुका है, तो फिर पुराने स्थान पर लगा साइन बोर्ड अब तक क्यों नहीं हटाया गया या उसमें सुधार क्यों नहीं किया गया?
क्या सुधार करना ही नहीं चाहता विभाग?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या लोक निर्माण विभाग इस पुरानी व्यवस्था को सुधारकर सही दिशा बताने वाला साइन बोर्ड लगाना ही नहीं चाहता, या फिर जिम्मेदार अधिकारी जानबूझकर इस गंभीर लापरवाही की अनदेखी कर रहे हैं?
अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस ओर कब ध्यान देता है और आम नागरिकों को सही दिशा बताने के लिए साइन बोर्ड में सुधार कब किया जाता है।




