छत्तीसगढ़
टंकी के वाल्ब की सफाई के चलते बंद रहेगी जलापूर्ति, रायपुर के इन पांच वार्डों में आज शाम नहीं मिलेगा पानी
दरअसल, दोपहर में 3500 किलोलीटर क्षमता वाले प्रभात टाकीज (गंज) पानी टंकी के वाल्ब को बदलकर साफ-सफाई की जाएगी

AINS NEWS… अगर आप नगर निगम के जोन दो अथवा सात में रहते हैं तो मंगलवार को सुबह ही पानी भर लें, नहीं तो शाम को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ सकता है। दरअसल, दोपहर में 3500 किलोलीटर क्षमता वाले प्रभात टाकीज (गंज) पानी टंकी के वाल्ब को बदलकर साफ-सफाई की जाएगी। इससे शाम को होने वाली जलापूर्ति ठप रहेगी।

गंज पानी टंकी से जोन दो के अंतर्गत आने वाले मौदहापारा, फाफाडीह और चूनाभटठी तथा जोन सात के समता कालोनी व केलकरपारा स्टेशन रोड (इंदिरा गांधी वार्ड) में पेयजल की आपूर्ति की जाती है। जोन दो के कमिश्नर डाक्टर आरके डोंगरे ने बताया कि पानी टंकी से संबंधित क्षेत्रों में छह बजे की जाने वाली संध्याकालीन जलापूर्ति नहीं होगी। बुधवार की सुबह से जलापूर्ति सुचारू रूप से होने लगेगी।
उन्होंने रहवासियों से काम कराए जाने से होने वाली असुविधा को लेकर खेद व्यक्त किया है। जोन दो के कमिश्नर का कहना है कि समय-समय पर पानी टंकियों की सफाई कराई जाती है। यदि कहीं से ज्यादा पेयजल संकट की शिकायत मिलती है तो टैंकर से आपूर्ति की जाएगी। हालांकि, इसकी उम्मीदें काफी कम हैं।
रायपुर नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में गर्मी से पहले पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। शंकरनगर, देवेंद्रनगर, बैरनबाजार, भनपुरी ओल्ड, डंगनिया, ईदगाहभाठा और रायपुरा में टेस्टिंग का काम पूरा हो गया है।
निगम के अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही यहां पर जलापूर्ति शुरू की जाएगी। कुकुरबेड़ा में अमृत मिशन योजना के तहत शाम को पेयजल की आपूर्ति शुरू कर दी गई है। जल्द ही यहां सुबह पेयजल की आपूर्ति शुरू होगी।
गौरतलब है कि गर्मी शुरू होते ही शंकरनगर, देवेंद्रनगर, बैरनबाजार, भनपुरी ओल्ड, डंगनिया, ईदगाहभाठा, रायपुरा और कुकुरबेड़ा में पेयजल का संकट उत्पन्न हो जाता है, जिससे रहवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। निगम को यहां पर पेयजल उपलब्ध कराने टैंकर चलाना पड़ता है। तेलीबांधा, मठपुरैना और लालपुर में भी पाइपलाइन बिछाई जा रही है।
रायपुर नगर निगम अपर आयुक्त सुनील चंद्रवंशी ने कहा, गर्मी के चलते पेयजल आपूर्ति के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। आठ कमांड एरिया में टेस्टिंग का काम पूरा हो गया है। जल्द ही पेयजल की आपूर्ति की जाएगी। कुकुरबेड़ा में पेयजल की आपूर्ति पहले ही शुरू की जा चुकी है।




