राजधानी का हीरापुर चौक बना किन्नरों का वसूली पॉइंट, राहगीरों के साथ दुकानदार भी परेशान
किन्नरों द्वारा की जा रही इस अवैध वसूली को जल्द नहीं रोका गया तो आने वाले समय में यहां से गुजरने वाले लोग और आसपास के दुकानदार जरूर इसकी शिकायत लेकर थाने पहुंचेंगे

AINS NEWS 24X7….. राजधानी रायपुर के हीरापुर चौक में इन दिनों किन्नरों ने अपना वसूली पॉइंट बना लिया है। सुबह से किन्नर वहां जमा हो जाते हैं और आने-जाने वालों से पैसों की मांग करते हैं। जिसने पैसा दे दिया तो ठीक और नहीं दिया तो यह किन्नर बदतमीजी पर भी उतर आते हैं। चौक से लगे दुकानों के मालिकों ने अपनी परेशानी साझा करते हुए बताया कि अभी कुछ ही दिनों से ये किन्नर हीरापुर चौक पर नजर आ रहे हैं और आने जाने वालों से वसूली कर रहे हैं, जिसके चलते राहगीर तो परेशान हो ही रहे हैं साथ ही हमारी दुकानदारी पर भी प्रभाव पड़ रहा है।

दुकानदारों के मुताबिक कुछ दिनों पूर्व एक किन्नर नजर आया और देखते ही देखते अब 3 से 4 किन्नर हीरापुर चौक में जमा होने लगे हैं। ऐसे में लोग उस चौक से गुजरना भी मुनासिब नहीं समझ रहे हैं। किन्नर इस चौक में लोगों से 10 से 20 रुपए की मांग करते हैं उससे कम देने पर बद्दुआ देने लगते हैं। लोग बद्दुआ न लेने के डर से 10 से 20 रुपए देने पर मजबूर हो रहे हैं।
हीरापुर चौक में भीड़भाड़ अधिक होने के कारण किन्नरों ने इसे अपना वसूली पॉइंट बना लिया है और सुबह से शाम तक यहीं जमे रहते हैं और आने जाने वाले लोगों को परेशान किया करते हैं। ऐसा नहीं है कि इन किन्नरों को वहां से गुजरने वाली 112 की गाड़ी ने नहीं देखा होगा, लेकिन देखने के बाद भी अनदेखा करना समझ से परे है। क्या पुलिस तब तक कोई कार्रवाई नहीं करेगी जब तक लोग शिकायत लेकर थाने नहीं पहुंचेंगे? किन्नरों द्वारा की जा रही इस अवैध वसूली को जल्द नहीं रोका गया तो आने वाले समय में यहां से गुजरने वाले लोग और आसपास के दुकानदार जरूर इसकी शिकायत लेकर थाने पहुंचेंगे।




