छत्तीसगढ़

जनहितैषी , विकास परक , दूरगामी सोच वाला सर्वोन्मुखी बजट – किरण देव

भारत विश्वगुरु बनने की कड़ी में एक कदम और आगे बढ़ गया

AINS NEWS… भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व् जगदलपुर विधायक किरण देव सिंह ने केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए कहा है कि यह बजह आम जनता का हितैषी , विकास परक बजट है जिसमे मोदी सरकार ने सभी वर्गों का विशेष ध्यान रखा है । केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी ने जो बजट पेश किया है वह सर्वोन्मुखी है। इस बजट में ना सिर्फ गाँव गरीब किसान की बात के की गई है बल्कि युवा , महिला, रोजगार, सहित सभी प्रमुख विषयों पर बारीकी से ध्यान दिया गया है जिससे भारत विश्वगुरु बनने की कड़ी में एक कदम और आगे बढ़ गया है ।

किरण देव ने कहा कि मंगलवार को जारी बजट में कृषि कार्य के लिए 152 लाख करोड़ रुपए। महिलाओं के लिए 3 लाख करोड़ रुपए। 3 करोड़ प्रधानमंत्री आवास योजना एवं शहरी आवास योजना के लिए अलग से योजना बनाई गई है। बेरोजगारों के लिए 2 लाख करोड़ खर्च करके 4 करोड़ बेरोजगारों को प्रशिक्षण देकर नौकरी दिया जाएगा यह अपने आप में बहुत बड़ी योजना है। कौशल विकास में प्रशिक्षित लोगों के लिए मुद्रा लोन 10 लाख से बढ़कर 20 लाख किया गया है इससे सभी लोगों को रोजगार मिलेगा और वह अपने स्तर पर अन्य लोगों को रोजगार देने में सक्षम होंगे। कृषि विकास मे दलहन और तिलहन को फोकस किया गया है किसानों को बिजली मुफ्त देने के लिए सौर ऊर्जा से बिजली के कनेक्शन हेतु विशेष छूट का प्रावधान किया गया है जिसका सीधा लाभ किसान उठाएंगे और कृषि उत्पादन में बढ़ोतरी होगी ।
उन्होंने कहा कि कैंसर की दवा, सोना-चांदी, प्लेटिनम, मोबाइल फोन, मोबाइल चार्जर, बिजली के तार, एक्सरे मशीन, सोलर सेट्स, लेदर और सीफूडस का सस्ता किया जाना इस बात का प्रमाण है कि मोदी सरकार की सोच कितनी दूरदर्शी है। 1 लाख रुपए से कम सैलेरी होने पर, EPFO में पहली बार रजिस्टर करने वाले लोगों को 15 हजार रुपए की मदद तीन किश्तों में मिलेगी।
जिन्हें सरकारी योजनाओं के तहत कोई फायदा नहीं मिल रहा है, उन्हें देशभर के संस्थानों में एडमिशन के लिए लोन मिलेगा। लोन का 3 परसेंट तक पैसा सरकार देगी। इसके लिए ई वाउचर्स लाए जाएंगे, जो हर साल एक लाख स्टूडेंट्स को मिलेंगे। किसानों का विशेष ख्याल रखते हुए 6 करोड़ किसानों की जानकारी लैंड रजिस्ट्री पर लाई जाएगी। 5 राज्यों में नए किसान क्रेडिट कार्ड जारी किए जाएंगे।
किरण देव सिंह ने आगे कहा कि इस बजट में महिलाओं एवं छात्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है । उद्योग के सहयोग से कामकाजी महिला हॉस्टलों और शिशु गृहों की स्थापना। सरकार संवर्धित कोष की गारंटी के साथ 7.5 लाख रुपये तक की ऋण सुविधा के लिए मॉडल कौशल ऋण योजना को संशोधित करने की बात कही गई है जिससे प्रतिवर्ष 25 हजार छात्रों को मदद की उम्मीद मिलती है । रोजगार के नए अवसरों को खोलने के लिए मुद्रा लोन की सीमा को 10 लाख से 20 लाख तक बढ़ाने की बात की गई है ।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदायों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार लाने के लिए प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान की शुरुआत करने की घोषणा से यह स्पष्ट है कि योजना के तहत आकांक्षी जिलों एवं जनजातीय बहुल ग्रामों में जनजातीय परिवारों के पूर्ण कवरेज के लिए कदम उठाए जाएंगे जिससे इससे 63 हजार गांवों में 5 करोड़ जनजातीय लोग लाभान्वित होंगे।
किरण देव ने कहा कि सभी दृष्टिकोण से यह बजट सबके साथ सबका विकास वाला बजट है ।

Related Articles

Back to top button