राष्ट्रीय

चंडीगढ़ में भारी सुरक्षा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को शहर में होंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुख्य कार्यक्रम सेक्टर-12 के पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पेक) में

AINS NEWS… प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को शहर में होंगे। पहली बार दोनों एक साथ एक ही मंच से देश को संदेश देंगे। अमित शाह सोमवार को पहुंच गए हैं। पहले पंजाब राजभवन में उनके ठहरने का इंतजाम था लेकिन अचानक रात में कार्यक्रम बदल गया और वो पंचकूला के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में रुकेंगे। पीएम मोदी मंगलवार को चंडीगढ़ पहुंचेंगे। दौरे को लेकर चंडीगढ़ में भारी सुरक्षा है। कई नाके लगाए गए हैं।

पूरा शहर मोदी-शाह के होर्डिंग से पटा पड़ा है। मध्य मार्ग समेत कई रास्तों व चौक पर बैनर लगाए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुख्य कार्यक्रम सेक्टर-12 के पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पेक) में रखा गया है। पीएम मोदी वायु सेना के विमान से चंडीगढ़ टेक्निकल एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर में सेक्टर-1 के राजिंदरा पार्क पहुंचेंगे। वहां से सड़क मार्ग से पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में कार्यक्रम स्थल पर जाएंगे। इसके लिए पूरे रूट को तैयार किया गया है। राजिंदरा पार्क में कुछ दिन पहले ही हेलीपैड को दुरुस्त किया गया है और वहां पर रोशनी की व्यवस्था के साथ कई सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
पीएम के सामने होगा लाइव डेमो
पेक में आयोजित कार्यक्रम नए कानूनों के व्यावहारिक अनुप्रयोग को प्रदर्शित करेगा, यह प्रदर्शित करते हुए कि वे पहले से ही आपराधिक न्याय परिदृश्य को कैसे नया रूप दे रहे हैं। एक लाइव प्रदर्शन भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें अपराध स्थल की जांच का अनुकरण किया जाएगा, जहां नए कानूनों को अमल में लाया जाएगा। बता दें कि एक जुलाई से तीनों नए कानून पूरे देश में लागू हो गए हैं लेकिन चंडीगढ़ पहला यूटी बनने जा रहा है, जहां 100 फीसदी इस कानून को अमल में लाया जाएगा।

चंडीगढ़ आज नो फ्लाइंग जोन घोषित

पीएम के दौरे के चलते यूटी प्रशासन ने मंगलवार को शहर में ड्रोन और अनमैन्ड एरियल व्हीकल (यूएवी) के लिए ”नो फ्लाइंग जोन” घोषित किया है। डीसी निशांत कुमार यादव ने यह आदेश जारी किया है। ड्रोन का इस्तेमाल कर विस्फोटक उपकरणों से हमले करने की घटनाओं के मद्देनजर, वीवीआईपी और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। यह आदेश मंगलवार रात 12 बजे तक लागू रहेंगे।

 

Related Articles

Back to top button