NHMMI अस्पताल सुर्ख़ियों में, जांच कमेटी ने मरीजों के साथ लापरवाही और जानलेवा प्रकरणों पर दोषसिद्ध पाया
जल्द ही मामला पुलिस के सुपुर्द कर दिया जायेगा

AINS NEWS… छत्तीसगढ़ में इलाज के नाम पर मरीजों और उनके परिजनों के साथ खिलवाड़ के मामलों को लेकर सरकार गंभीर रुख अपनाने जा रही है। ऐसे अस्पतालों का लाइसेंस निरस्त कर उनके खिलाफ वैधानिक कदम उठाने के लिए ठोस कदम उठाये जा रहे है। इस कड़ी में रायपुर का चर्चित NHMMI अस्पताल सुर्ख़ियों में है। छत्तीसगढ़ शासन की एक जांच कमेटी ने इस अस्पताल को मरीजों के साथ लापरवाही और जानलेवा प्रकरणों पर दोषसिद्ध पाया है।

अब नियमों के तहत इस अस्पताल के खिलाफ FIR दर्ज कर शेष वैधानिक कार्यवाही की सिफारिश की गई है। मामला उस पीड़ित परिवार से जुड़ा बताया जाता है, जिसमे मरीज के परिजनों से पहले इलाज के नाम पर और फिर एयर एम्बुलेंस मुहैया कराने कों लेकर लाखों की अवैध वसूली की गई थी।
इलाज के नाम पर मोटी रकम वसूलने, लापरवाही, धोखाधड़ी और मरीजों की जान के साथ खिलवाड़, एयर एम्बुलेंस के नाम पर भी धंधा जैसे तथ्य सामने आने के बाद मैनेजमेंट के खिलाफ FIR दर्ज करने की सिफारिश जांच कमेटी द्वारा की गई है। जांच रिपोर्ट को अग्रिम कार्यवाही हेतु कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रायपुर को सौंप दिया गया है। माना जा रहा है कि जल्द ही मामला पुलिस के सुपुर्द कर दिया जायेगा।




