
AINS NEWS… भारत समेत चार देशों में एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. तीन घंटे के अंदर भारत, नेपाल, तिब्बत और पाकिस्तान के कई इलाकों में भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए. भारत में पटना के लोगों को सुबह 2.35 बजे तेज झटके महसूस किए जिसके बाद लोग घरों से बाहर निकल आए. रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.5 दर्ज की गई. नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, भूकंप के झटके नेपाल के बागमती प्रांत में भी तड़के करीब 2.35 बजे महसूस किए गए. नेपाल का बागमती प्रांत बिहार के मुजफ्फरपुर से 189 किलोमीटर उत्तर में पड़ता है. इस भूकंप में अभी तक किसी भी तरह की जानमाल के नुकसान की जानकारी नहीं है. नेपाल ही नहीं बल्कि पड़ोसी देश तिब्बत में भी यह झटके महसूस किए गए.

वहीं, पाकिस्तान में भी सुबह 5 बजकर 14 मिनट पर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. झटके महसूस होते ही लोग घरों से बाहर निकल आए. भूकंप की तीव्रता 4.5 रही. इससे पहले 16 फरवरी को भी पाकिस्तान में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. तब भूकंप का केंद्र रावलपिंडी से आठ किलोमीटर दक्षिण पूर्व में था. भूकंप के झटकों की वजह से किसी भी तरह के नुकसान की खबरें सामने नहीं आई है. इससे पहले शुक्रवार सुबह 2.48 बजे तिब्बत में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे और रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.1 रही थी. यहां भी इस दौरान किसी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ. इस भूकंप का केंद्र धरती से 70 किलोमीटर की गहराई में था.




