
AINS NEWS… छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक युवती ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर अपने ही मंगेतर का अपहरण कर लिया। इस मामले में पुलिस ने जबरदस्त कार्रवाई करते हुए नागपुर (महाराष्ट्र) से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पूरा मामला…
18 मार्च 2025 की रात करीब 10:30 बजे, प्रार्थी भूपेंद्र यादव अपने दोस्त टोकेश साहू के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। जैसे ही वे बोगदा पुलिया के पास पहुंचे, एक कार ने उन्हें रोक लिया। कार से 3-4 युवक उतरे और टोकेश साहू के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। इसके बाद आरोपी जबरन टोकेश को कार में बैठाकर बेमेतरा की ओर ले गए। हालांकि, मौका पाकर टोकेश वहां से भागने में सफल रहा। इस घटना के बाद जामुल थाना पुलिस ने भूपेंद्र यादव की शिकायत पर अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
प्रेमिका ही साजिशकर्ता…
जांच में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब पुलिस को पता चला कि अपहरण की पूरी साजिश खुद पीड़ित टोकेश साहू की मंगेतर हेम कुमारी साहू उर्फ हेमा ने रची थी। हेम कुमारी की शादी टोकेश से तय हुई थी, लेकिन वह इस रिश्ते से खुश नहीं थी क्योंकि वह पहले से ही दुर्गेश साहू नामक युवक से प्रेम करती थी
हेम कुमारी ने अपने प्रेमी दुर्गेश को टोकेश का बायोडाटा और फोटो भेजा, जिसके बाद दुर्गेश ने अपने साथियों – अमित वर्मा उर्फ राजा और बंटी – के साथ मिलकर षड्यंत्र रचा। नागपुर से क्रेटा कार लेकर ये सभी आरोपी जामुल पहुंचे और योजनाबद्ध तरीके से अपहरण की घटना को अंजाम दिया।
आरोपी नागपुर से गिरफ्तार…
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक (छावनी) हरीश पाटिल के मार्गदर्शन में जामुल पुलिस की टीम ने तकनीकी सहायता और सटीक सूचना के आधार पर नागपुर में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को धर दबोचा। तीनों आरोपियों को 20 अप्रैल 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।




