टीवी सितारों से जानिए मानसून में ग्लोइंग स्किन के राज!
एण्डटीवी की अभिनेत्रियों ने शेयर किए अपने खास मानसून स्किनकेयर सीक्रेट्स

AINS NEWS… मानसून का मौसम भले ही लोगों का पसंदीदा हो, लेकिन यह स्किन के लिए कई चुनौतियाँ भी लेकर आता है। हवा में नमी और लगातार गीलेपन की वजह से मुहांसे, चिपचिपी या रूखी त्वचा जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। ऐसे में त्वचा को हेल्दी, ग्लोइंग और हाइड्रेटेड बनाए रखने के लिए ज़रूरी है एक सही स्किनकेयर रूटीन। एण्डटीवी की अभिनेत्रियों ने शेयर किए अपने खास मानसून स्किनकेयर सीक्रेट्स, जो इस मौसम में भी उनकी त्वचा को बनाते हैं दमकता हुआ। इन कलाकारों में गीतांजलि मिश्रा (‘हप्पू की उलटन पलटन‘ की राजेश) और विदिशा श्रीवास्तव (‘भाबीजी घर पर हैं‘ की अनीता भाबी) शामिल हैं।

गीतांजलि मिश्रा, ऊर्फ ‘हप्पू की उलटन पलटन‘ की राजेश, बताती हैं, “मानसून की नमी मेरी ड्राइ स्किन को काफी असंतुलित कर देती है। यह ऊपर से चिपचिपी और अंदर से डिहाइड्रेट महसूस होती है। ऐसे में मैं हल्के लेकिन पोषण देने वाली कुदरती सामग्रियों पर भरोसा करती हूं, जो मेरी स्किन को मॉइश्चराइज़ रखते हैं और वह भी बिना ऑयली बनाए। मेरे दिन की शुरुआत होती है ‘शहद और दही‘ के एक सिंपल क्लींजिंग मिक्स से। शहद एक नेचुरल हुमेक्टैंट है, जो त्वचा में नमी बनाए रखता है, और दही में मौजूद लैक्टिक एसिड स्किन को सौम्य तरीके से एक्सफोलिएट और हाइड्रेट करता है। ये कॉम्बिनेशन मेरी त्वचा को साफ, मुलायम और तरोताजा बनाता है। क्लींजिंग के बाद मैं खीरे के रस और ग्लिसरीन की कुछ बूंदों से बना टोनर लगाती हूं। यह त्वचा को ठंडक देता है, पोर्स को टाइट करता है और हल्की नमी भी देता है, जो मानसून की चिपचिपाहट से लड़ने में बहुत असरदार है। सप्ताह में दो बार मैं शहद और केले का फेस मास्क लगाती हूं। केले में मौजूद पोटैशियम और विटामिन त्वचा को गहराई से पोषण देते हैं, जबकि शहद नमी को लॉक करता है। ये मास्क मेरे चेहरे की चमक लौटाता है और मेकअप और स्टूडियो लाइट्स से होने वाली ड्रायनेस से बचाता है। और हां, मैं हमेशा अपने बैग में गुलाबजल की एक छोटी स्प्रे बॉटल रखती हूं। शूटिंग के दौरान बाहर रहने पर, एक हल्का स्प्रे चेहरे को तुरंत तरोताजा और हाइड्रेट कर देता है, खासकर इस नम मौसम में।”
विदिशा श्रीवास्तव, ऊर्फ ‘भाबीजी घर पर हैं‘ की अनीता भाबी, बताती हैं, “मानसून का मौसम स्किन के लिए थोड़ा मुश्किल भरा हो सकता है। लगातार नमी और उमस के कारण पोर्स बंद हो जाते हैं, चेहरे पर अतिरिक्त तेल आता है और पिंपल्स भी होने लगते हैं। इसलिए मैं इस मौसम में अपने स्किनकेयर रूटीन को सिंपल लेकिन असरदार रखती हूं। मेरा पसंदीदा उपाय है एक नैचुरल फेस स्क्रब, जिसे मैं घर पर ही बनाती हूं-2 चम्मच सी सॉल्ट, 1 बड़े चम्मच ताजा नींबू का रस और ऑलिव ऑयल की कुछ बूंदों के साथ। सी सॉल्ट एक जेंटल एक्सफोलिएंट की तरह काम करता है, जो डेड स्किन सेल्स को हटाता है और पोर्स को फिर से खोलता है। नींबू का रस स्किन को ब्राइट बनाता है और ऑयल कंट्रोल करने में मदद करता है। वहीं, ऑलिव ऑयल स्क्रब के बाद त्वचा को पोषण और नमी देता है, जिससे चेहरा मुलायम बना रहता है। मैं इस स्क्रब का इस्तेमाल हफ्ते में एक या दो बार करती हूं ताकि मेरी स्किन गहराई से साफ हो सके और मानसून के असर से बची रहे। इसके बाद जो ताजगी और स्मूदनेस महसूस होती है, वो सच में रिफ्रेशिंग होती है।”




