बिलासपुर

प्रशासनिक तंत्र की संवेदनहीनता पर गंभीर सवाल, गौठान के बाहर खेत खलिहानों और खुले मैदान में आधा दर्जन से अधिक गायों की मौत

गौमाता की ऐसी स्थिति केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि मानवता पर कलंक है - गौधाम समिति अध्यक्ष धीरेन्द्र दुबे

AINS NEWS… बिलासपुर जिले के मस्तूरी विकासखंड के ग्राम सुकुलकारी में गौठान के बाहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गौठान के बाहर खेत खलिहानों और खुले मैदान में आधा दर्जन से अधिक गायों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब एक दर्जन गाय बछड़े मरणासन्न अवस्था में पड़े हैं। गांव में फैली इस भयावह तस्वीर ने पूरे जिले में प्रशासनिक तंत्र की संवेदनहीनता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ग्राम सुकुलकारी में गौठान के बाहर दर्जनों गायों के शव पड़े मिले हैं, वहीं कई बेसुध हालत में तड़पती और कराहती नजर आईं। ग्रामीणों के अनुसार, गौठान में कई दिनों से चारा पानी की भारी कमी और सफाई व्यवस्था का अभाव है।
गांव के लोगों ने बताया कि सरपंच सुरेन्द्र साहू और सचिव दोनों को घटना की जानकारी है, फिर भी न कोई मौके पर पहुंचा, न किसी ने हालात देखने की कोशिश की।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मौतें संभवतः जहरीला पदार्थ खाने या किसी विषैले जीव के संपर्क में आने से भी हो सकती हैं। लेकिन प्रशासन की लापरवाही ने इस त्रासदी को और बढ़ा दिया है।

इस घटना पर कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ने पोस्ट कर सरकार को घेरा है और प्रशासनिक विफलता पर सवाल उठाए हैं।

सूचना मिलते ही जिला गौधाम समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष धीरेन्द्र दुबे स्वयं सुकुलकारी पहुंचे। उन्होंने कहा, यह दृश्य हृदय विदारक है। गौमाता की ऐसी स्थिति केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि मानवता पर कलंक है। दोषी चाहे जो भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

 

Related Articles

Back to top button