निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों को मिला आर्थिक संबल, राज्योत्सव में मंत्री टंकराम वर्मा ने हितग्राहियों को वितरित किए चेक
जिले के 928 हितग्राहियों के खातों में 24 लाख 78 हजार रुपये से अधिक की राशि अंतरित

AINS NEWS गरियाबंद… छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव में निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। जिला मुख्यालय के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को चेक वितरित कर लाभान्वित किया।

श्रम पदाधिकारी सुश्री जयंती बंसल ने बताया कि छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिवारों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए 14 कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। राज्योत्सव-2026 के अवसर पर इन योजनाओं के अंतर्गत प्रदेश के 54 हजार 84 हितग्राहियों के बैंक खातों में कुल 16 करोड़ 94 लाख 55 हजार 460 रुपये की सहायता राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से अंतरित की गई। इसी कड़ी में गरियाबंद जिले के 928 हितग्राहियों के खातों में 24 लाख 78 हजार 500 रुपये की सहायता राशि भेजी गई।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना, मुख्यमंत्री मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना तथा मिनीमाता महतारी जतन योजना के हितग्राहियों को चेक प्रदान किए गए। इन योजनाओं के माध्यम से श्रमिक परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक सहायता और सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल रहा है। इस दौरान लाभान्वित हितग्राहियों में राज्य शासन एवं जिला प्रशासन का धन्यवाद किया।




