RAIPUR

एनएसयूआई का भाजपा सरकार के खिलाफ व्यापक हस्ताक्षर अभियान

फ़ूड कोर्ट हटाने–छात्रों की सुविधाएँ छीने जाने पर किया विरोध

AINS NEWS…  एनएसयूआई ने आज पूर्व विधायक विकास उपाध्याय की उपस्थिति में प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय के नेतृत्व में छात्रों एवं युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए एक व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया। NIT फ़ूड कोर्ट के सामने हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। यह अभियान भाजपा सरकार के फ़ूड कोर्ट हटाने के निर्णय के विरोध में किया गया, जिसमें छात्रों और युवाओं से ज़रूरी सुविधाएँ और रोज़गार छीन लिए गए हैं।

एनएसयूआई ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार का रवैया लगातार छात्र-विरोधी रहा है। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में छात्रों के हित में बनाया गया फ़ूड कोर्ट परिसर, जहाँ रोज़ाना हज़ारों छात्र-छात्राएँ भोजन, बैठक एवं सुरक्षित वातावरण का लाभ लेते थे, उसे भाजपा सरकार ने अचानक तोड़ दिया। इस कार्रवाई ने न केवल छात्रों को सुविधाओं से वंचित किया, बल्कि वहाँ काम करने वाले दुकानदारों और युवाओं के रोज़गार पर भी सीधा प्रहार किया।

पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भाजपा सरकार की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने युवाओं के लिए बेहतर व्यवस्था तैयार की थी, जिसे भाजपा सरकार ने बिना किसी ठोस कारण के समाप्त कर दिया। उन्होंने कहा कि दुकानदारों का रोज़गार छीने जाने का यह अन्याय कभी माफ नहीं किया जाएगा।

एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने भी सरकार की कार्रवाई को पूरी तरह छात्र-विरोधी बताते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने छात्रों को सस्ते और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक व्यवस्थित फ़ूड ज़ोन का निर्माण किया था, जिससे प्रतिदिन हज़ारों छात्रों को लाभ मिलता था। लेकिन भाजपा सरकार को छात्रों की यह सुविधा रास नहीं आई, इसलिए स्टूडेंट हब को तोड़ने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई छात्रों के अधिकारों और न्याय के लिए मजबूती से संघर्ष जारी रखेगी।

एनएसयूआई का यह हस्ताक्षर अभियान आने वाले दिनों में शहर के विभिन्न कॉलेजों, युवाओं के समूहों और सार्वजनिक स्थलों में चलाया जाएगा। संगठन ने स्पष्ट कहा है कि यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक छात्रों और दुकानदारों के साथ हुए अन्याय की भरपाई नहीं की जाती।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय, अमित शर्मा, हेमंत पाल, शांतनु झा, निखिल वंजारी, महताब हुसैन, पुनेश्वर लहरे, गवेष साहू सहित अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

कांग्रेस पार्टी ने भाजपा सरकार से पूछे 4 सवाल..
1,फूड जोन को बनाने में आई लागत 6 करोड़ 12 लाख रुपए को सरकार किससे वसूल करेगी ।
2, NIT चौपाटी को जिस तरह से हटाया गया है क्या बुढ़ापारा चौपाटी को भी उसी तरह हटाया जाएगा और अगर हटाया जाएगा तो राज्य सरकार और निगम प्रशासन हटाने का दिन और समय बताए।
3, NIT फूड कोर्ट प्रोजेक्ट बनाने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर सरकार और विधायक राजेश मूणत कब और क्या कार्यवाही करेंगे।
4, छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार और विधायक का कहना है कि फूड कोर्ट वाली जगह पर नालंदा 2 लाइब्रेरी बनना तय हुआ है लेकिन सोचने वाली बात है कि जिस जगह पर नालंदा 2 लाइब्रेरी बनने जा रहा है वो जगह मेन रोड के ठीक किनारे है जहां से 24 घंटे गाड़ियों का आना जाना है और ठीक पीछे शहर का एकमात्र खुला मैदान है जहाँ महीने के 20 दिन कुछ न कुछ कार्यक्रम होते ही रहता है ऐसे में छात्र छात्राएं की पढ़ाई कैसे होगी भगवान जाने।

 

Related Articles

Back to top button