छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ चिकित्सा शिक्षा विभाग ने किया नियमों में एक बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव

अब प्रवेश परीक्षा यानी CET 2025 में केवल 10 परसेंटाइल या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी भी प्रवेश के लिए पूरी तरह पात्र माने जाएंगे

AINS NEWS… छत्तीसगढ़ में मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक बेहद राहत भरी और बड़ी खबर सामने आई है। अगर आप भी B.Sc नर्सिंग में प्रवेश लेना चाहते थे, लेकिन कम अंकों की वजह से अब तक निराश थे, तो यह वीडियो आपके लिए ही है। छत्तीसगढ़ चिकित्सा शिक्षा विभाग ने नियमों में एक बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव किया है, जो सीधे तौर पर हजारों छात्रों के भविष्य को प्रभावित करेगा।

दरअसल, छत्तीसगढ़ में B.Sc नर्सिंग पाठ्यक्रम में एडमिशन के नियमों में भारी शिथिलता दी गई है। राज्य सरकार और चिकित्सा शिक्षा विभाग ने फैसला लिया है कि अब प्रवेश परीक्षा यानी CET 2025 में केवल 10 परसेंटाइल या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी भी प्रवेश के लिए पूरी तरह पात्र माने जाएंगे।

भारतीय उपचर्या परिषद यानी Indian Nursing Council (INC), नई दिल्ली ने हाल ही में कुछ दिशा-निर्देश जारी किए थे। प्रदेश के नर्सिंग कॉलेजों में अभी भी बड़ी संख्या में सीटें खाली पड़ी थीं। इन रिक्त सीटों को भरने और शैक्षणिक सत्र 2025-26 को सुचारू रूप से चलाने के उद्देश्य से, राज्य सरकार ने पात्रता मानदंडों में यह विशेष छूट देने पर अपनी सहमति जताई है।

आपको बता दें कि पहले कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (CET) में एडमिशन के लिए निर्धारित अंक काफी ज्यादा अनिवार्य थे, जिस कारण बहुत से छात्र एडमिशन की रेस से बाहर हो रहे थे। लेकिन अब छत्तीसगढ़ नर्सिंग पाठ्यक्रम प्रवेश नियम 2019 के प्रावधानों के तहत यह ढील दी गई है ताकि कोई भी सीट खाली न रहे और इच्छुक छात्रों को मौका मिल सके।

लेकिन, यहाँ ध्यान देने वाली सबसे जरूरी बात ‘समय’ की है। यह राहत केवल और केवल इसी शैक्षणिक सत्र यानी 2025-26 के लिए लागू है। विभाग ने स्पष्ट आदेश जारी किया है कि एडमिशन की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 तय की गई है। यानी आपके पास फैसला लेने और प्रक्रिया पूरी करने के लिए वक्त बहुत कम है।

चिकित्सा शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी सरकारी और निजी नर्सिंग कॉलेजों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे 31 दिसंबर तक इस नए नियम के तहत योग्य अभ्यर्थियों का एडमिशन सुनिश्चित करें। यह फैसला न केवल उन छात्रों के लिए संजीवनी है जो कुछ अंकों से चूक रहे थे, बल्कि उन शिक्षण संस्थानों के लिए भी राहत है जो खाली सीटों की समस्या से जूझ रहे थे।

तो अगर आपने CET 2025 की परीक्षा दी है और आपका स्कोर 10 परसेंटाइल के दायरे में है, तो बिना देर किए अपने नजदीकी कॉलेज या काउंसिलिंग प्रक्रिया में शामिल होकर 31 दिसंबर से पहले अपना एडमिशन पक्का करें। यह साल का आखिरी और सबसे बड़ा मौका है।

 

Related Articles

Back to top button