बढ़ते अपराध और समता कॉलोनी हत्या के विरोध में शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने एएसपी कार्यालय का किया घेराव
भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है

AINS NEWS… छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ते अपराध, समता कॉलोनी में युवक की निर्मम हत्या और कानून व्यवस्था की पूरी तरह विफल होती स्थिति के विरोध में आज शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा एएसपी कार्यालय का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान एएसपी कार्यालय परिसर के बाहर कांग्रेस नेताओं एवं सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि राजधानी रायपुर अपराध का गढ़ बनती जा रही है, लेकिन भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शराब, गांजा, ब्राउन शुगर जैसे नशीले पदार्थ शहर में खुलेआम बिक रहे हैं, जिसके कारण अपराध बेलगाम हो चुके हैं। जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर है और सरकार हालात पर पूरी तरह नियंत्रण खो चुकी है।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने पूर्व मंत्री राजेश मुणत पर तीखा हमला बोलते हुए कहा समता कॉलोनी में जो जघन्य हत्या हुई है, वह पूर्व मंत्री राजेश मुणत के निवास के ठीक पीछे की घटना है। लेकिन दुर्भाग्य की बात यह है कि पूर्व मंत्री आंख बंद कर सोए हुए हैं। उन्हें न शहर की सुरक्षा से मतलब है, न अपराध से और न ही जनता के भय से।
उन्होंने आगे कहा राजेश मुणत रायपुर शहर को केवल कंक्रीट का जंगल बनाने में लगे हुए हैं। अपराध, नशा और कानून व्यवस्था को लेकर उन्होंने आज तक पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर एक भी ठोस पहल नहीं की। यह उनकी राजनीतिक संवेदनहीनता और गैर जिम्मेदाराना रवैये को उजागर करता है।
श्रीकुमार शंकर मेनन ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में अपराधियों को खुली छूट है। नशे का कारोबार फल फूल रहा है और पुलिस प्रशासन राजनीतिक दबाव में काम कर रहा है। यही वजह है कि हत्यारे बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़कों पर है। जब तक नशे के कारोबार पर रोक नहीं लगेगी, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी और आम लोगों को सुरक्षा व न्याय नहीं मिलेगा, तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।

पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा ने कहा की रायपुर शहर में अपराध बेलगाम हो चुके हैं। समता कॉलोनी की घटना ने यह साबित कर दिया है कि भाजपा सरकार में न तो कानून का डर है और न ही प्रशासन की पकड़। राजधानी में हत्या जैसी वारदात होना सरकार की सबसे बड़ी नाकामी है।
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा की आज रायपुर की पहचान अपराध और नशे के कारण बनती जा रही है। समता कॉलोनी की हत्या ने यह साफ कर दिया है कि राजधानी में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है।शराब, गांजा और ब्राउन शुगर खुलेआम बिक रहे हैं। भाजपा सरकार मुनाफे में व्यस्त है और जनता की जान खतरे में है। कांग्रेस पार्टी इस अराजकता को बर्दाश्त नहीं करेगी।
पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने कहा की रायपुर शहर आज अपराधियों के हवाले कर दिया गया है। समता कॉलोनी की हत्या भाजपा सरकार की विफल नीतियों और प्रशासनिक लापरवाही का जीता जागता उदाहरण है।
उन्होंने कहा की पूर्व मंत्री अपने आलीशान घरों में चैन की नींद सो रहे हैं और शहर की जनता डर के साये में जी रही है। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़कों पर उतरी है और जब तक अपराध पर लगाम नहीं लगेगी, यह आंदोलन जारी रहेगा।
इस प्रदर्शन में सुबोध हरितवाल ममता राय देवकुमार साहू प्रशांत ठेंगड़ी दिनेश तिवारी राहुल इंदुरिया विनोद ठाकुर सुयश शर्मा कमल धृतलहरे सुधा सरोज कमलेश मिश्रा मोहम्मद ताहिर माधव छुरा राहुल तिवारी कृष्णा नायक अमित तिवारी राजू नायक आकाश दीवान महेंद्र सेन वेंकट कुमार ईश्वर चक्रधारी राज देवांगन विष्णु राजपूत देव श्रीवास देवेंद्र पवार अमित घोष दोमेश शर्मा हर्षित जायसवाल सुनील ध्रुव प्रीति सोनी मुन्ना मिश्रा मनोज सोनकर विनोद यादव सहित कार्यकर्ता उपस्थित थे।




