रमज़ान में इंसानियत की मिसाल: सरकारी योजनाओं से वंचित दिव्यांग परिवार को समाज ने दिया नया आशियाना
आपसी सहयोग से धनराशि एकत्रित की और आबिद खान के लिए नया घर बनवाया।

AINS NEWS… नारायणपुर जिले में एक मार्मिक और प्रेरणादायक मामला सामने आया है, जहां सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने के बावजूद समाज की पहल से एक जरूरतमंद परिवार को नया घर मिल सका। अंजुमन इस्लामिया कमेटी नारायणपुर एवं बस्तर संभाग मुस्लिम समाज के सहयोग से आर्थिक रूप से कमजोर और दिव्यांग आबिद भाई तथा उनकी बेवा माता फातिमा बेगम को नया पक्का आशियाना प्रदान किया गया।

जानकारी के अनुसार, आबिद भाई लंबे समय से कच्चे और जर्जर मकान में जीवन यापन कर रहे थे। उन्होंने कई बार कलेक्टर जनदर्शन और जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई, लेकिन भूमि के दस्तावेजों के अभाव में उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका।
बताया गया कि तत्कालीन कलेक्टर विपिन मांझी ने स्वयं उनके मकान का निरीक्षण किया था और सहायता का आश्वासन भी दिया था, लेकिन उनके स्थानांतरण के बाद मामला आगे नहीं बढ़ सका और परिवार की समस्या जस की तस बनी रही।

इस बीच समाज अंजुमन इस्लामिया कमेटी नारायणपुर की अगुवाई में मुस्लिम समाज के लोगों ने पहल करते हुए आपसी सहयोग से धनराशि एकत्रित की और आबिद खान के लिए नया घर बनवाया।
18 मार्च को बाद नमाज असर जामा मस्जिद नारायणपुर के इमाम साहब द्वारा फातेहा के साथ मकान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बस्तर संभाग मुस्लिम समाज के पदाधिकारी तथा जगदलपुर, कोंडागांव, केशकाल और नारायणपुर के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान आबिद भाई को नए घर की चाबी सौंपी गई।

वहीं नए मकान का उद्घाटन सनातन धर्म के जिला अध्यक्ष ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर विभिन्न समाजों के लोगों की उपस्थिति ने सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बस्तर संभाग मुस्लिम समाज के अध्यक्ष हाजी वसीम अहमद, केशकाल के सदर हाजी सलीम मेमन, कोंडागांव के पूर्व सदर हाजी यासीन, उपाध्यक्ष हाजी असलम मंसूरी तथा पूर्व पार्षद श्रीमती प्रमिला प्रधान सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अंजुमन इस्लामिया कमेटी, नारायणपुर के सदर मोहम्मद इमरान खान ने बताया कि मुस्लिम समाज के लोगों के सहयोग से मकान का निर्माण कार्य पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि समाज की सेवा के लिए उनकी पूरी टीम समर्पित भाव से कार्य कर रही है और ऐसे प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान जिले में अमन-चैन, शांति और भाईचारे की मजबूती के लिए दुआ की गई।अंत में अंजुमन इस्लामिया कमेटी, नारायणपुर और मुस्लिम समाज के सदस्यों ने ऐसे सामाजिक कार्यों को आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया हैं।




