गरियाबंद

भ्रामक खबरों से विकास नहीं रुकेगा, पाण्डुका-गरियाबंद में 170 करोड़ के कार्य जारी

भाजपा का पलटवार, कांग्रेस के पास मुद्दे नहीं तो भ्रमकता फैला रही

AINS NEWS… पाण्डुका-गरियाबंद क्षेत्र की उपेक्षा को लेकर प्रसारित खबरों पर भाजपा ने कड़ा पलटवार करते हुए उन्हें भ्रामक और सुनियोजित दुष्प्रचार बताया है। भाजपा नेताओं ने कहा कि क्षेत्र में 170 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य तेजी से जारी हैं और जमीनी हकीकत आरोपों के बिल्कुल विपरीत है।

मंडल अध्यक्ष सुमित पारख ने जानकारी देते हुए बताया कि विधायक रोहित साहू के प्रयासों से बीते एक वर्ष में जिला मुख्यालय गरियाबंद सहित अंचल के आमदी, बहेराबुड़ा, बरबाहरा, बारूका, घुटकुनवापारा, हरदी, सोहागपुर समेत कई ग्राम पंचायतों में 100 करोड़ रुपए से अधिक के 60 से ज्यादा विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है। इन कार्यों में सड़क, पुल-पुलिया, जिला अस्पताल भवन, सामुदायिक भवन सहित बुनियादी सुविधाओं से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।

इसी तरह पाण्डुका क्षेत्र के रजनकट्टा, कुरूद, कुटैना, पाण्डुका, पोड़, अतरमरा, घटकर्रा, सड़करा, सड़कड़ा और संकरा गांवों में 70 करोड़ रुपए से अधिक के 40 से ज्यादा विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें सीसी रोड, सड़क निर्माण, आंगनबाड़ी भवन, सामुदायिक भवन, रंगमंच, पुल-पुलिया, नाली, स्ट्रीट लाइट और सिंचाई परियोजनाएं शामिल हैं।

विभागवार आंकड़ों के अनुसार नगरी निकाय में 8.50 करोड़ रुपए और वाचनालय उन्नयन के लिए 4 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 4 लेन सड़क के लिए 43.25 करोड़, पुल निर्माण के लिए 5.09 करोड़, परिवहन कार्यालय भवन के लिए 2.77 करोड़, न्यायिक आवास के लिए 1.40 करोड़ तथा नवीन तहसील कार्यालय के लिए 0.56 करोड़ सहित कुल लगभग 55 करोड़ रुपए के कार्य स्वीकृत हैं। स्वास्थ्य विभाग में 100 बिस्तर जिला अस्पताल के लिए 18.09 करोड़ और सीटी स्कैन सुविधा के लिए 4.50 करोड़, कुल 22.59 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 23.79 करोड़ रुपए के कार्य, जिनमें घटकर्रा से कमारपाड़ा सड़क शामिल है, स्वीकृत हुए हैं। वहीं जल संसाधन विभाग के अंतर्गत 2.91 करोड़ रुपए से जलाशय जीर्णोद्धार और लाइनिंग कार्य किए जा रहे हैं।

भाजपा नेताओं ने कहा कि हर पंचायत और गांव में विकास कार्य प्राथमिकता से किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार वादों से नहीं, काम से जवाब देती है और क्षेत्र की जनता को इसका सीधा लाभ मिल रहा है।

कांग्रेस और अमितेश शुक्ला पर भाजपा का निशाना

भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और पूर्व विधायक अमितेश शुक्ला पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वे क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों से घबराकर भ्रामक खबरें फैलवा रहे हैं। जिला उपाध्यक्ष प्रीतम सिन्हा ने कहा कि अपने कार्यकाल में क्षेत्र से दूरी बनाए रखने वाले अब जनता को भ्रमित करने में लगे हैं। वहीं किसान मोर्चा जिला महामंत्री संदीप पाण्डेय ने कहा कि भाजपा सरकार हर गांव तक विकास पहुंचा रही है, जिससे कांग्रेस के पास मुद्दों का अभाव हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी बौखलाहट में झूठी खबरों के जरिए माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है।

 

Related Articles

Back to top button