RAIPUR

पुलिस उपायुक्त द्वारा थाना खमतराई रायपुर का किया गया औचक निरीक्षण

क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने निर्देशित किया

AINS NEWS… पुलिस उपायुक्त (नार्थ जोन) श्री मयंक गुर्जर द्वारा थाना खमतराई रायपुर का औचक निरीक्षण किया गया। जिसमें श्रीमान पुलिस उपायुक्त (नार्थ जोन) महोदय द्वारा निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, मालखाना, अभिलेख (रिकॉर्ड), अपराध रजिस्टर, लंबित प्रकरणों की स्थिति तथा थाना स्टाफ की कार्यप्रणाली का परीक्षण किया गया। साथ ही थाना परिसर की साफ-सफाई, सुव्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया गया।

निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। लंबित अपराधों के त्वरित निराकरण के साथ-साथ गंभीर एवं संवेदनशील प्रकरणों में प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। थाना के मालखाना में रखी जप्त संपत्ति एवं सामग्री के संधारण, उनके विधिवत अभिलेखीकरण एवं सुरक्षा मानकों की जांच की गई। साथ ही रजिस्टर संधारण, अपराध रजिस्टर की अद्यतन स्थिति एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उनके शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

पुलिस उपायुक्त महोदय द्वारा वारंटी की तामिली में तेजी लाने, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान चलाने तथा सम्मनध्वारंट की प्रभावी तामील सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उनके द्वारा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने पर भी जोर दिया गया।

थाना खमतराई क्षेत्रान्तर्गत स्थित औद्योगिक क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ग्रीन बेल्ट विकसित करने , लंबे समय से थाने में पड़े जप्त वाहनों एवं अन्य माल के विधिसम्मत निराकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही थाना स्टाफ को आमजन के साथ मधुर एवं प्रभावी संवाद स्थापित करने, प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने तथा अपने कर्तव्यों के प्रति सदैव सजग, अनुशासित एवं उत्तरदायी रहने के लिए निर्देशित किया गया
इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त उरला सुश्री पूर्णिमा लामा सहित समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा सभी को टीमवर्क के साथ बेहतर कार्य निष्पादन हेतु प्रेरित किया गया।

 

Related Articles

Back to top button