बारिश का कहर: फॉरेस्ट परिसर में खड़ी बोलेरो पर गिरा विशाल पेड़, वाहन चकनाचूर… 18 घंटे से बंद है नेशनल हाईवे
लगातार हो रही बारिश से पूरे गरियाबंद जिले का जनजीवन अस्त-व्यस्त

AINS NEWS गरियाबंद… जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब जान-माल के लिए भी खतरा बनती जा रही है। बुधवार देर रात गरियाबंद वन विभाग परिसर में खड़ी एक बोलेरो वाहन पर अचानक विशाल पेड़ गिर गया। पेड़ का वजन इतना अधिक था कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि घटना के समय वाहन में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के मुताबिक, तेज बारिश और लगातार भीग रही जमीन के कारण पेड़ों की जड़ें कमजोर हो गई हैं। इसी वजह से देर रात एक के बाद एक दो बड़े पेड़ धराशायी हो गए। इनमें से एक पेड़ सीधे बोलेरो पर गिरा, जबकि दूसरा भी पास में गिरने से आसपास का क्षेत्र प्रभावित हुआ।
घटना के बाद सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन और वन विभाग ने खतरा बने नीलगिरी के पेड़ों की कटाई शुरू करा दी है, ताकि आगे किसी तरह की जनहानि या दुर्घटना न हो। क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
इधर, लगातार हो रही बारिश से पूरे गरियाबंद जिले का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई जगह जलभराव और सड़कें डूबने की स्थिति बनी हुई है। जिले से गुजरने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग भी पिछले करीब 18 घंटे से बंद है, जिससे यात्री और मालवाहक वाहन रास्ते में फंसे हुए हैं। कई ग्रामीण इलाकों का संपर्क भी प्रभावित होने की जानकारी सामने आ रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और बड़े पेड़ों, पुराने भवनों तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें। मौसम विभाग के अनुसार जिले में फिलहाल भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।




