बड़ेडोंगर से कोण्डागांव मूवी देखने आए और वापस लौटते समय दर्दनाक हादसा
मसोरा टोल नाका के पास स्कॉर्पियो खड़ी ट्रक से जा टकराई, 5 की मौत, 2 गंभीर

AINS NEWS कोण्डागांव… जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंर्तगत राष्ट्रीय राजमार्ग -30 पर मसोरा टोल नाका के पास देर रात 1 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें स्कॉर्पियो खड़ी ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में 5 लोग जिसमें नूतन मांझी (18), शत्रुघ्न मांझी (26), लखनराम मंडावी (40), उपेंद्र मंडावी (17) और रूपेश मंडावी (23) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 को गंभीर हालत में रिफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार कोण्डागांव जिला अस्पताल में जारी है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार 12 लोग बड़ेडोंगर से कोण्डागांव मूवी देखने आए थे और वापस लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया । टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। खड़ी ट्रक से स्कॉर्पियो की जोरदार टक्कर के दाैरान 12 लोग स्कॉर्पियो में सवार हेाकर फिल्म देखकर लौट रहे थे।
स्थानीय निवासी वैभव शर्मा का कहना है कि सबसे बड़ी लापरवाही नेशनल हाईवे की है। सड़क किनारे गलत तरीके से गाड़ियां खड़ी होती हैं। सरकार को इस बात से अवगत कराया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। टोल प्लाजा पर गार्ड रहने के बाद भी लोग बात नहीं मानते गाड़ी खड़ी कर देते हैं।
सिटी कोतवाली पुलिस के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार तेज रफ्तार एवं ड्राइवर को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। मौके पर एम्बुलेंस और पुलिस टीम ने भी राहत व बचाव कार्य शुरू किया




