अचानक बज उठा फोन, घबरा गए लोग! गरियाबंद में मोबाइल स्क्रीन पर चमकी ‘अत्यंत गंभीर चेतावनी’ यूजर्स को मिला इमरजेंसी अलर्ट
“अत्यंत गंभीर चेतावनी” लिखे इस संदेश को देखकर कई लोग पहले तो घबरा गए

AINS NEWS गरियाबंद… शुक्रवार को उस वक्त कई लोगों के चेहरे पर चिंता की लकीरें खिंच गईं, जब अचानक उनके मोबाइल फोन तेज आवाज के साथ बज उठे। गरियाबंद मुख्यालय समेत आसपास के इलाकों में जियो नेटवर्क का उपयोग कर रहे लोगों के मोबाइल स्क्रीन पर एक इमरजेंसी अलर्ट मैसेज दिखाई दिया। “अत्यंत गंभीर चेतावनी” लिखे इस संदेश को देखकर कई लोग पहले तो घबरा गए और समझ नहीं पाए कि आखिर उनके फोन में क्या हो रहा है।

अचानक आए इस अलर्ट ने कुछ देर के लिए लोगों में कौतूहल और चिंता दोनों बढ़ा दी। कई लोगों ने एक-दूसरे को फोन कर जानकारी ली, जबकि सोशल मीडिया पर भी इस अलर्ट की चर्चा शुरू हो गई। हालांकि जब लोगों ने पूरा संदेश पढ़ा तो स्थिति साफ हो गई।
अलर्ट में बताया गया था कि अगले तीन घंटों के भीतर बस्तर और गरियाबंद जिले के कुछ क्षेत्रों में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है। साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई थी।
मौसम विभाग की ओर से भेजे गए इस इमरजेंसी अलर्ट का उद्देश्य लोगों को समय रहते सतर्क करना था, ताकि खराब मौसम के दौरान किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचें तथा आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें।
दरअसल, हाल के वर्षों में भारत सरकार द्वारा शुरू किए गए सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट सिस्टम के माध्यम से प्राकृतिक आपदाओं और खराब मौसम की स्थिति में सीधे मोबाइल उपभोक्ताओं तक चेतावनी संदेश पहुंचाए जाते हैं। यही वजह है कि शुक्रवार को गरियाबंद के हजारों मोबाइल उपभोक्ताओं को यह चेतावनी संदेश एक साथ प्राप्त हुआ।
अचानक बजी चेतावनी की आवाज ने भले ही लोगों को कुछ पल के लिए डरा दिया हो, लेकिन यह अलर्ट संभावित खतरे से पहले लोगों को सचेत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।




