छत्तीसगढ़

तिल्दा-नेवरा रेलवे रेक पॉइंट मामला: धूल नियंत्रण के लिए पानी छिड़काव जारी, शिकायतों की मंशा को लेकर उठ रहे सवाल

मामला जनहित से जुड़ा है या इसके पीछे कोई और कारण है

AINS NEWS तिल्दा-नेवरा… रेलवे रेक पॉइंट को लेकर इन दिनों शहर में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। कोयला परिवहन के दौरान उड़ने वाली धूल (डस्ट) को नियंत्रित करने के लिए ठेकेदार द्वारा रेक पॉइंट एवं आसपास के मार्गों पर टैंकर के माध्यम से नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जा रहा है, जिससे धूल कम हो और आम नागरिकों को परेशानी न हो।

इसके बावजूद रेक पॉइंट को लेकर कुछ शिकायतें सामने आ रही हैं। सूत्रों के अनुसार, कुछ नगर पालिका से जुड़े पदाधिकारियों द्वारा की जा रही शिकायतों की मंशा को लेकर भी अब सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि यदि मुद्दा वास्तव में स्वच्छता और जनहित का है, तो शहर के अन्य प्रमुख क्षेत्रों की समस्याओं को भी उतनी ही गंभीरता से उठाया जाना चाहिए।

लोगों का कहना है कि तहसील कार्यालय, कोर्ट परिसर, एसडीएम कार्यालय और नगर पालिका परिषद जैसे प्रमुख स्थानों के आसपास भी धूल और सफाई व्यवस्था को लेकर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं, लेकिन वहां सुधार को लेकर वैसी सक्रियता दिखाई नहीं देती। ऐसे में केवल रेक पॉइंट को निशाना बनाए जाने से कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

स्थानीय लोगों में यह चर्चा भी है कि कुछ लोग स्वच्छता के नाम पर मुद्दा उठाकर निजी लाभ और राजनीतिक फायदा लेने का प्रयास कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि स्वच्छता ही प्राथमिकता होती तो नगर की सफाई व्यवस्था और अन्य समस्याओं पर भी लगातार काम दिखाई देता।

वहीं नागरिकों ने यह भी कहा कि नगर पालिका में पारदर्शिता और विकास कार्यों पर ध्यान देना जरूरी है। आरोप-प्रत्यारोप के बजाय शहर की वास्तविक समस्याओं का समाधान होना चाहिए।

फिलहाल रेलवे रेक पॉइंट को लेकर उठ रहे सवालों और शिकायतों के बीच लोगों की मांग है कि प्रशासन निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मामला जनहित से जुड़ा है या इसके पीछे कोई और कारण है।

 

Related Articles

Back to top button